बाराबंकी पुलिस ने किया राजमल हत्याकांड का खुलासा :बेटे ने हाथ पकड़े, पत्नी ने घोंटा गला
फतेहपुर, बाराबंकी, अमृत विचार : शराबी पति की बेजा हरकतों व रोज रोज के झगड़े से आजिज पत्नी ने राजमल को मौत के घाट उतारा था। इस काम में उसके बेटे ने भी पूरा साथ दिया। पुलिस ने पत्नी को जेल भेजकर नाबालिग बेटे का संरक्षण में ले लिया है।
स्वाट, सर्विलांस टीम और थाना फतेहपुर की संयुक्त कार्रवाई में राजमल यादव हत्याकांड का अनावरण कर लिया गया। 18 नवम्बर को लालजी यादव द्वारा अपने भाई राजमल यादव की हत्या की शिकायत देते हुए थाना फतेहपुर में मुकदमा पंजीकृत कराया गया था। राजमल 17 नवम्बर की रात शौच के लिए घर से निकले फिर वापस नहीं लौटे। बाद में उनका शव खेत में मिला था। घटना के संबंध में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया वहीं खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गई थीं। संयुक्त टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस डिजिटल डेटा की मदद से इस प्रकरण का खुलासा किया। पूछताछ में सामने आया कि शराब के नशे का आदी मृतक राजमल आए दिन परिवार से मारपीट व अभद्रता करता था।
यही नहीं शराब के पैसों के लिए अपनी पत्नी पर दूसरों संग गलत कार्य करने का दबाव बनाता था। इससे घर में आए दिन विवाद होता। 16 नवम्बर को भी इन्ही बातों को लेकर हुई मारपीट से झुंझलाकर पत्नी सियावती व बेटे ने मिलकर राजमल से छुटकारा पाने की योजना बनाई। घटना के दिन राजमल नशे में खेत की ओर गया तो पीछे से पत्नी और बेटा भी वहां पहुंचे। अंधेरे में धक्का देकर राजमल को गिराया गया। बेटे ने हाथ पकड़ लिए और पत्नी ने गला दबाकर हत्या कर दी।
