Barabanki Crime News: तमंचे की नोक पर रेप का प्रयास, नकदी व जेवर लेकर फरार
बाराबंकी, अमृत विचार। शहर कोतवाली क्षेत्र में घर में घुसकर युवक ने तमंचा दिखाकर युवती से दुष्कर्म का प्रयास किया। असफल होने पर युवक सोने की चेन व नकदी लेकर फरार हो गया। घटना से घबराई युवती ने स्कूल जाना बंद कर दिया है। कोतवाली नगर क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 14 नवंबर उनकी पुत्री घर के अंदर कमरे में पढ़ाई कर रही थी। उसी दौरान गांव का युवक नीरज वर्मा पुत्र राज किशोर वर्मा घर में घुस गया और अंदर से कमरे का दरवाजा बंद कर लिया।
आरोप है कि युवक ने तमंचे के बल पर युवती के साथ जबरदस्ती संबंध बनाने की कोशिश की। युवती के शोर मचाने पर उसकी बहन नीचे आ गई, जिसके बाद आरोपी धमकाने लगा। आरोपी नीरज वर्मा कमरे में रखे 30 हजार रुपये नकद व युवती की सोने की चेन लेकर फरार हो गया। आरोपी ने जाते हुए धमकी दी कि किसी से शिकायत की तो वह पूरे परिवार को जान से मरवा देगा।
घटना के बाद पीड़िता की मां ने 16 नवंबर को कोतवाली नगर में तहरीर दी पर पुलिस मौके पर पहुंची, न ही एफआईआर दर्ज की गई। इससे आरोपी के हौसले बुलंद हैं और वह लगातार धमकी दे रहा है। पीड़िता स्कूल जाने में भी भय महसूस कर रही है। एसपी के निर्देश पर मामला दर्ज किया गया है।
युवक के साथ 2.27 लाख की ऑनलाइन ठगी
ऑनलाइन निवेश का लालच देकर एक युवक से दो लाख से अधिक की ठगी कर ली गई। रुपये की अदायगी बंद होते ही ठगों ने पीड़ित से सभी संपर्क खत्म कर दिए। साइबर ठगी के तहत रिपोर्ट दर्ज हुई है। शहर कोतवाली क्षेत्र में दयानंदनगर अली कालोनी निवासी आतिफ नकवी ने पुलिस को बताया कि टेलीग्राम पर एक मैसेज आया कि कम पैसे लगाकर अच्छा प्रॉफिट कमाया जा सकता है।
इसके बाद व्हाट्सऐप पर अंजना नाम की महिला स्वयं को सीनियर कंसल्टेंट बताकर उनसे संपर्क में रही। उसने यूनिकलो अकाउंट के नाम पर ऑर्डर पूरे करने का टास्क देकर भुगतान व प्रॉफिट देने का दावा किया। पहले दिन 10,000 रुपये डालकर 959 रुपये का मुनाफा भी दिया गया, जिससे भरोसा बढ़ गया। धीरे-धीरे कई चरणों में उससे बड़ी राशि जमा कराई गई।
अलग-अलग बैंक खातों में लगातार पैसे भेजते-भेजते कुल राशि 2,27,281 रुपये हो गई। जब पीड़ित शेष रकम देने में असमर्थ हुआ तो उसे सभी ग्रुपों से हटा दिया गया और सॉफ्टवेयर का नया वर्ज़न भी नहीं दिया गया। अंतिम भुगतान करने के बाद आरोपी पक्ष ने सारे संपर्क तोड़ दिए और उसे ब्लॉक कर दिया। पीड़ित ने बताया कि इस ठगी से उन्हें भारी मानसिक तनाव और आर्थिक नुकसान हुआ है।
फैक्ट्री में चोरी, असलहा लहराकर भागे आरोपी
निन्दूरा : नौकरी से हटाए गए कर्मी ने फैक्ट्री में घुसकर सामान चोरी किया और साथियों के साथ भागने लगा। पीछा करने पर आरोपी असलहा लहराते हुए फरार हो गए। मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है। कुर्सी क्षेत्र में स्थित टू पावर लिमिटेड फैक्ट्री के प्रोडक्शन मैनेजर अवधेश कुमार मिश्र ने दी गई तहरीर में बताया कि पूर्व कर्मचारी मो. क़दीम पुत्र मो. अनीस निवासी गौरहार मौजा बहरौली पहले फैक्ट्री में गायों की देखभाल करता था। 17 अक्टूबर को किसी प्रकरण में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद सस्पेंड करते हुए उसे नौकरी से हटा दिया गया था।
घटना की रात आरोपी ने फैक्ट्री परिसर में घुसकर करीब 7 किलो वज़न की तांबे की तार की लगभग 20 रीलें चोरी कर ली। फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों ने जब उसे देखा तो शोर मचाया और पीछे दौड़े, लेकिन आरोपी चोरी किया माल दीवार के बाहर फेंककर भाग निकला। यह भी आरोप है कि बाहर खड़े उसके साथी चोरी किया सामान लेकर फरार हो गए और पीछा करने पर गोली मारने की धमकी भी दी। आरोपी ने भागते समय असलहा लहराकर कर्मचारियों को डराया-धमकाया, जिससे फैक्ट्री में दहशत फैल गई।
प्लॉट दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी
सफदरगंज: प्लॉट दिलाने के नाम पर एक महिला से लाखों रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़िता ने शिकायत की तो उसे जान से मारने की धमकी मिली है। गोरखपुर निवासी पुनीता दीक्षित ने कोर्ट में गुहार लगाते हुए बताया कि लखनऊ के अभिजीत शर्मा ने उनकी पहचान बाराबंकी के सत्यनाम से कराई और बताया कि वह प्लॉट बेच रहा है। दोनों ने उन्हें एक हजार वर्गफीट का प्लॉट 5,49,000 रुपये में दिखाया।
पीड़िता ने चेक व नकद अदायगी करते हुए 28 फरवरी 2022 को रजिस्ट्री भी करा ली लेकिन रजिस्ट्री के बाद जब पीड़िता प्लॉट की बाउंड्री कराने पहुंची तो आरोपी टालमटोल करते रहे। 14 सितंबर को वह पुनः प्लॉट पर पहुंची तो पाया कि उन्हे दिखाया गया प्लॉट किसी और के कब्जे में है, और उनके वास्तविक प्लॉट का पता ही नहीं है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपियों ने दिखाए गए प्लाट के बदले कही और की रजिस्ट्री कर दी, जिससे धोखाधड़ी का मामला साफ है। जब पीड़िता ने सत्यनाम से बात की तो उसने जान से मारने की धमकी दी। बताया कि दोनों आरोपी पहले भी कई लोगों के साथ इसी तरह का फ्रॉड कर चुके हैं और उन पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
