Bareilly : तीन माह से थी गायब...अब रजिस्टर्ड डाक से निगम कार्यालय पहुंची विशाल मेगा मार्ट की टैक्स फाइल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। नगर निगम के टैक्स कार्यालय से तीन महीने से गायब चल रही विशाल मेगा मार्ट की टैक्स की फाइल गुरुवार को रजिस्टर्ड डाक से पहुंची। लिफाफे पर विशाल मेगा मार्ट लिखा हुआ था, लेकिन इसे भेजने वाले का नाम और पता नहीं लिखा था। इससे अधिकारी संशय में आ गए। चूंकि इस मामले में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है, इसलिए फाइल को मामले की विवेचना कर रहे पुलिस अधिकारी के सामने ही फाइल खोली जाएगी।

नगर निगम के जोन-एक और दो के अंतर्गत आने वाले विशाल मेगा मार्ट की वर्ष 2018-19 की टैक्स की फाइल पिछले तीन महीनों से लापता थी। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने तीन माह पहले ही एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया था। इसके बाद उन्होंने मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी को मामले की सतर्क अन्वेषण रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। 

नगर आयुक्त की सख्ती के बाद कर अधीक्षक ने इसमें कोतवाली में तहरीर देकर एक लिपिक सहित चार लोगों को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। जांच अधिकारी के सामने इस फाइल को मुख्य कर निर्धारण अधिकारी कार्यालय में जमा पुराने रिकॉर्ड से मिलाने की प्रक्रिया शुरू होगी। अब जिम्मेदारी तय करने और पूरे नेटवर्क की पड़ताल के लिए विवेचक नए सिरे से सबूत जुटा रहे हैं।

सटीकता की जांच के लिए डाकघर से मांगी सूचना
विशाल मेगा मार्ट की टैक्स की फाइल रजिस्टर्ड डाक के जरिये भेजने वाले का नाम व पता न होने से अब इसकी सटीकता की जांच के लिए नगर निगम ने रजिस्ट्री भेजने वाले की जानकारी के लिए संबंधित डाकघर को भी पत्र लिखा है।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी  विशाल मेगा मार्ट की टैक्स से संबंधित गायब फाइल रजिस्टर्ड डाक से नगर निगम आई है। चूंकि मामले की जांच पुलिस कर रही है तो इसको विवेचक के सामने ही खोला जाएगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

संबंधित समाचार