बाराबंकी : धान की खरीद थमी, किसान परेशान
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। तहसील क्षेत्र में धान खरीद की प्रक्रिया भले ही रफ्तार पकड़ चुकी हो, लेकिन राइस मिलों की उदासीनता ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। जिले में 15 हजार मीट्रिक टन से अधिक धान उपलब्ध होने के बावजूद एक किलो धान की भी उठान नहीं हो पा रही है।
क्रय केंद्रों पर धान का अंबार लगा हुआ है, जबकि किसानों की ट्रॉलियां लंबी कतारों में खड़ी हैं। मिलों से एग्रीमेंट न होने के कारण धान खरीद और उठान दोनों ठप पड़े हैं। अधिकारियों ने मिलर्स से कई बार अपील की, लेकिन मिल मालिक उठान शुरू करने में रुचि नहीं दिखा रहे।
किसानों का कहना है कि पहले उनकी ट्रॉली 2–3 घंटे में उतर जाती थी, लेकिन अब जगह की कमी और लंबी कतारों के कारण पूरा दिन लाइन में बिताना पड़ रहा है। कई ट्रॉलियां रात भर क्रय केंद्रों के बाहर खड़ी रहती हैं। विपणन विभाग के कुछ क्रय केंद्रों का मिलों से संबद्धीकरण हो गया है, लेकिन सहकारी समितियों का अभी तक कोई एग्रीमेंट नहीं हुआ है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी राजीव कुलश्रेष्ठ ने कहा कि सभी मिलर्स को तत्काल उठान शुरू करने के निर्देश दिए जा चुके हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। फिलहाल, किसानों की उम्मीदें केवल मिलर्स की सक्रियता पर टिकी हैं। उठान शुरू न होने पर आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
