दिल्ली लाल किला बम धमाका: यूपी और अन्य प्रांत के दो सौ से अधिक नंबर चिह्नित, जांच शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

ज्यादातर नंबर फरीदाबाद, सहारनपुर, लखनऊ और कानपुर से ज़ुड़े। एनआईए ने गुरुवार को चार डॉक्टरों से की पूछताछ, एटीएस खंगाल रही डिटेल।

लखनऊ, अमृत विचार: दिल्ली लाल किला बम धमाके से जुड़े आतंकी संगठन के सदस्यों की तलाश में जुटी एनआईए और एटीएस ने 200 मोबाइल नंबरों को चिह्नित किया है। आशंका है कि इन संदिग्ध नंबरों का प्रयोग इस धमाके में किया गया है। सभी को सर्विलांस पर लेकर जांच की जा रही है। इनमें ज्यादातर नंबर लखनऊ, सहारनपुर, कानपुर और फरीदाबाद से जुड़े डॉक्टरों के हैं। डा. शाहीन शाहिद, भाई डा. परवेज, डा. आदिल समेत लखनऊ व कानपुर के डाक्टरों से लम्बी पूछताछ के बाद इन नम्बरों की सूची तैयार की गई है।

एटीएस को डा. शाहीन और डा. आदिल के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल से ही उसके भाई डा. परवेज अंसारी व कानपुर के तीन डाक्टरों के बारे में पता चला था। इसके बाद ही एटीएस ने डा. परवेज के घर तलाशी के बाद कानपुर में कार्डियोलॉजिस्ट को पकड़ा था। इन सभी से महत्वपूर्ण जानकारियां मिली थी। डा. परवेज तो अभी तक जम्मू-कश्मीर पुलिस की हिरासत में है। उससे और उसके संपर्क में रहने वाले कई डाक्टरों से पूछताछ में कई सुराग मिले है। इस आधार पर ही एटीएस के साथ एनआईए भी अपनी पड़ताल आगे बढ़ा रही है। साथ ही यूपी एटीएस भी सहारनपुर और जम्मू-कश्मीर में गई अपनी टीम के सम्पर्क में है। वह भी लखनऊ, सहारनपुर, फरीदाबाद के कनेक्शन से जुड़े बिंदुओं पर काम कर रही है। दिल्ली विस्फोट के बाद पहली बार डाक्टरों का मॉडयूल सामने आया है। यही वजह है कि जांच एजेंसियां सतर्क है।

एनआईए ने की लखनऊ के चार डाक्टरों से पूछताछ

एनआईए ने गुरुवार को इंटीग्रल यूनिवर्सिटी और एरा मेडिकल कालेज के चार डाक्टरों से पूछताछ की है। ये लोग परवेज के संपर्क में लम्बे समय तक रहे। हालांकि, इनकी कोई संलिप्तता दिल्ली विस्फोट में नहीं पाई गई है। इनसे डा. परवेज और उसकी बहन डा. शाहीन के बारे में पूछा जा रहा है। एटीएस इनमें से दो डाक्टरों से पहले पूछताछ कर चुकी है। एटीएस को भी इनसे कुछ खास नहीं पता चला था। एनआईए के मुताबिक इनके संपर्क में रहने वाले कानपुर के भी तीन डाक्टरों को रडार पर लिया गया है। ये तीनों भी परवेज व शाहीन के परिचित है और कानपुर में तीन-चार बार मिले भी हैं। इनकी भी कॉल डिटेल खंगाली जा रही है।

 

संबंधित समाचार