Panchayat elections: पंचायत चुनावों की वोटर लिस्ट तैयार करने का समय बढ़ा, 23 दिसंबर को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में पंचायत चुनावों के मद्दनेजर वोटर लिस्ट तैयार करने में कई जिलों की प्रगति धीमी है। ऐसे में राज्य निर्वाचन आयोग ने अब लिस्ट जारी करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 6 फरवरी कर दी है। पहले 15 जनवरी को यह वोटर लिस्ट जारी की जानी थी।
दरअसल, राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जो संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है, उसके मुताबिक अब ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 23 दिसंबर को जारी होगी। पहले इसे 5 दिसंबर को जारी किया जाना था। इतना ही नहीं लिस्ट पर दावे व आपत्तियों का निस्तारण 31 दिसंबर से 6 जनवरी तक किया जाएगा। पहले यह कार्य 13 दिसंबर से 19 दिसंबर के बीच किया जाना था।
सूत्रों के मुताबिक, राज्य निर्वाचन आयोग से जारी हिदायतों के बावजूद जिलों में अधिकारी यूपी पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट से डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम बाहर करने और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के कार्य में ढुलमुल रवैया बरत रहे हैं। जिलों में जहां विधानसभा व लोकसभा चुनाव की वोटर लिस्ट को लेकर एसआईआर चल रहा है, वहीं पंचायत चुनाव की सूची के कार्य में अब और देरी स्वाभाविक है।
