UP Board News: जनपद की 5 तहसीलों में 445 माध्यमिक विद्यालयों का सत्यापन शुरु... SDM की अध्यक्षता वाली समितियों में राजस्व कर्मी कर रहे काम

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

अयोध्या, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए कार्यक्रम जारी हो चुका है। इस बीच जिले में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को लेकर कवायद शुरू हो गयी है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कमेटी द्वारा ही परीक्षा केन्द्रों का निर्धारण किया जाता है। इस बार जिले में किस विद्यालय को परीक्षा केन्द्र बनाया जाएगा, यह कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद जिला स्तरीय समिति करेगी। फिलहाल जनपद में सभी 445 माध्यमिक विद्यालयों के सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है।

अयोध्या में 30 राजकीय, 50 अशासकीय सहायता प्राप्त और शेष सभी वित्तविहीन मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय संचालित हो रहे हैं। इन सभी विद्यालयों की जांच हो रही है। उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिले की पांचों तहसीलों में कमेटी बनाई गयी है। इस कमेटी द्वारा मंगलवार तक अपनी जांच आख्या प्रस्तुत की जानी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उसे यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। इसके बाद बोर्ड द्वारा परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। विगत वर्ष 2025 की परीक्षा में जनपद में कुल 77 हजार 582 छात्र-छात्राएं परीक्षा में पंजीकृत हुए थे। पिछले साल 109 केंद्रों पर परीक्षा करायी गयी थी। इस बार जिले में 2026 की परीक्षा के लिए कुल 79 हजार 206 परीक्षार्थी ही पंजीकृत हुए हैं। ऐसे में इस वर्ष 110 से 112 परीक्षा ही बनाये जाने की संभावना है। 

हालांकि परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है लेकिन यह पूरी जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद ही तय होगी। ऐसे दागी कॉलेज परीक्षा केंद्रों से अलग रखे जायेगे जहां विगत तीन वर्षों की परीक्षा के दौरान नकल अथवा सीसीटीवी आदि में अनियमितताएं पाईं गईं हो। इसके अलावा उन अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों को भी पृथक रखा जाएगा। जहां बोर्ड के नियमों के अनुसार संसाधनों और अन्य स्टाफ का अभाव है और वहां नेटवर्क समस्या है, मंगलवार को रिपोर्ट के बाद जिला स्तरीय समिति की बैठक होगी। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर अभी तिथि तय नहीं हुई है।

कमेटियों की जांच आख्या प्राप्त होने के बाद ही परीक्षा केन्द्रों की संख्या के बारे में बताया जा सकता है। अभी सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है।-डॉ पवन कुमार तिवारी, डीआईओएस।

संबंधित समाचार