बरेली : जिम ट्रेनर के पास दूसरे समुदाय की महिला होने पर हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

इज्जत नगर थाना क्षेत्र के मिनी बाईपास पर गुरुवार की रात एक घंटे तक सड़क जाम करके की गई नारेबाजी

बरेली, अमृत विचार। दूसरे समुदाय के एक जिम ट्रेनर के पास गुड़गांव की रहने वाली महिला के मिलने पर गुरुवार की रात जमकर हंगामा हुआ। महिला की तलाश में उसके परिजन जिम गए तो वहां जिम ट्रेनर और जिम संचालक ने उनके साथ मारपीट कर दी, इससे मामला और बिगड़ गया। दो समुदाय से मामला जुड़ा होने पर मौके पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता पहुंच गए और परिजनों के साथ सड़क पर जाम लगाकर विरोध जताया। सड़क जाम होने से ट्रैफ़िक बाधित हो गया। जिम में भी तोड़फोड़ करने का आरोप है। सूचना मिलने पर एसपी सिटी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को शांत कराया और परिजनों की तरफ से मिली तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

इज्जतनगर थाना क्षेत्र के मिनी बाईपास स्थित विपिन चौराहे पर गुरुवार रात हंगामा हो गया। दो समुदाय से जुड़ा मामला होने पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। दरअसल गुड़गांव की रहने वाली महिला के घरवाले अपनी बेटी को तलाशने के लिए एयू फिटनेस जिम में पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद जिम संचालक अभय उपाध्याय और ट्रेनर शुएब ने उनके साथ मारपीट कर दी। महिला के परिजनों ने बेटी को ले जाने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच हिंदूवादी संगठन के लोगों को भी मामले की सूचना मिल गई और वह लोग भी मौके पर पहुंच गए। हिंदूवादी संगठन के लोगों ने महिला के परिजनों के साथ विरोध जताते हुए सड़क पर धरना देकर बैठ गए। आक्रोशित लोगों ने कर्मचारी नगर चौराहे के पास मिनी बाईपास पर जाम लगा दिया और पुलिस प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी शुरू कर दी।

पुलिस को सूचना मिली कि महिला को दूसरे समुदाय के युवक ने ले जाने की कोशिश की। इसे लेकर क्षेत्र में तनाव हो गया है। इस पर भारी पुलिस मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने जाम खुलवाने की कोशिश की तो आक्रोशित लोग भड़क गए। स्थिति खराब होने पर इज्जतनगर थाना प्रभारी ने आसपास के थानों से अतिरिक्त फोर्स बुलाकर ली और सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया। एसपी सिटी मानुष पारिक समेत अन्य पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई का आश्वासन देकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया। इसके बाद रात करीब 10:00 बजे जाम खुलवाया जा सका। उसके बाद थाने पर महिला के परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी चल रही थी।

इंस्टाग्राम से हुई थी दोस्ती, गुड़गांव में दर्ज है महिला की गुमशुदी
दूसरे समुदाय की महिला जिम ट्रेनर है। मिनी बाईपास स्थित एयू फिटनेस जिम के ट्रेनर शुएब से उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिये हुई थी। महिला की शादी 6 साल पहले मैनपुरी के रहने वाले युवक से हुई थी। दूसरे समुदाय की महिला का 5 साल का बेटा भी है। पति से झगड़े के बाद वह मायके आ गई थी। महिला के गायब होने के बाद परिजनों ने 15 दिन पहले गुड़गांव सेक्टर 65 थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद परिजनों को सूचना मिली कि उनकी बेटी बरेली में मिनी बाईपास स्थित जिम के ट्रेनर के साथ रह रही है। वह गुरुवार की रात बेटी की तलाश में जिम में पहुंचे थे।

इज्जत नगर थाना क्षेत्र के कर्मचारी नगर चौकी इलाके में थाने की पुलिस गस्त कर रही थी, तभी मारपीट की सूचना मिली। इसके बाद थाने से अन्य पुलिस फोर्स को बुलाया गया। मौके पर सीओ तृतीय के साथ वह भी गए थे। मामले को शांत कराकर परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। - मानुष पारीक, एसपी सिटी।

संबंधित समाचार