सावधान, आप खुफिया कैमरे की नजर में हैं... मध्यांचल निगम के वर्टिकल कार्यालय में सख़्त निगरानी शुरू
लखनऊ, अमृत विचार: मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने वर्टिकल कार्यालयों में पैरवी और अनधिकृत दख़ल रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया है। हुसैनगंज स्थित वर्टिकल दफ्तर में शुक्रवार से खुफिया कैमरों की निगरानी व्यवस्था लागू कर दी गई। अब दफ्तर की सीमा में प्रवेश करते ही आने-जाने वाले हर व्यक्ति की गतिविधि कैमरे में रिकॉर्ड होगी।
निगम अधिकारियों के अनुसार, वर्टिकल दफ्तर में दो खुफिया कैमरे लगाए गए हैं। पहला कैमरा मुख्य द्वार पर लगाया गया है, जहां से कार्यालय की सीमा शुरू होती है। दूसरा कैमरा अधिशासी अभियंता वाणिज्य और कलेक्शन कार्यालय के मुख्य गेट पर लगाया गया है। कैमरों की निगरानी और नियंत्रण की जिम्मेदारी अधीक्षण अभियंता वाणिज्य मुकेश कुमार त्यागी को सौंपी गई है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था आम उपभोक्ताओं, नए कनेक्शन या अन्य कार्य से आने वाले आवेदकों को प्रभावित नहीं करेगी। लेकिन पैरवी करने या अनुचित दबाव डालने के उद्देश्य से दफ्तर पहुंचने वालों पर इसका असर साफ दिखाई देगा। अब अनधिकृत दख़ल देना या अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश जोखिम भरी साबित हो सकती है, क्योंकि सभी गतिविधियां रिकॉर्ड होंगी। मध्यांचल निगम का यह कदम बिजली विभाग में पारदर्शिता बढ़ाने, दखलअंदाजी कम करने और कार्य वातावरण को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
