लखीमपुर खीरी: ड्यूटी से लौट रहे नर्सिंग होम कर्मचारी का गन्ने के खेत में मिला शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बेहजम, अमृत विचार। नीमगांव थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक 45 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे गन्ने के खेत में मिलने से में हड़कंप मच गया। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
 
गांव परसेहरा निवासी गौतम (45) लखीमपुर शहर में अस्पताल रोड पर स्थित एक नर्सिंग होम में काम करता था। वह रोज साइकिल से लखीमपुर आता-जाता था। मृतक की मां शांति देवी ने बताया कि गौतम सुबह साइकिल से अपनी ड्यूटी पर लखीमपुर गए थे। उसके पास मोबाइल फोन भी नहीं रहता था, इसलिए परिवार को आशंका नहीं हुई कि वह घर वापस क्यों नहीं आए। परिवार ने सोचा कि देर होने पर वह लखीमपुर में ही रुक गए होंगे। 

सुबह परसेहरा गांव के ग्रामीण शौच के लिए जा रहे थे, तभी उन्हें गन्ने के खेत में गौतम का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने मृतक के पिता को शव मिलने की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता मिठू लाल ने बताया कि परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं है। गौतम तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी सरिता, 10 वर्षीय बेटी अंजलि और 5 वर्षीय बेटा अनुराग है।

कुछ ग्रामीणों के अनुसार गौतम शराब का सेवन करते थे और अनुमान लगाया जा रहा है कि अधिक नशे की हालत में उनकी मौत हुई होगी। नीमगांव थाना प्रभारी आदित्य कुमार मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चलेगा। परिजनों की ओर से किसी तरह की रंजिश का आरोप नहीं लगाया गया है।

संबंधित समाचार