बाराबंकी : जयंती पर बोले गोप- नेताजी के सपनों को साकार करना ही सच्ची श्रद्धांजलि
बाराबंकी, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी कार्यालय में शनिवार को सपा संरक्षक श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव की जयंती एवं समाजवादी पुरोधा स्व. रामसेवक यादव की पुण्यतिथि पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद ने की तथा संचालन जिला महासचिव हिमांशु यादव ने किया।
राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने दोनों महान नेताओं के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अरविंद सिंह गोप ने कहा कि नेताजी गांव-गरीब और वंचितों की सशक्त आवाज थे। उनकी सादगी, संघर्ष और समर्पण अद्वितीय है। वह हमेशा अपना जन्मदिन आम कार्यकर्ताओं के बीच मनाते थे।
नेताजी आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और कार्य सबको प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि नेताजी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए कार्यकर्ताओं को 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाकर उनके सपनों को साकार करना होगा। यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। गोष्ठी को संबोधित करते हुए सदर विधायक धर्मराज सिंह उर्फ सुरेश यादव ने कहा कि नेताजी से कम मुलाकातें हुईं, लेकिन हर बार उन्होंने पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों और सबको साथ लेकर चलने की सीख दी।
जिला अध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद ने कहा कि नेताजी का सपना तभी पूरा होगा जब सभी कार्यकर्ता अखिलेश यादव के नेतृत्व में पूरी निष्ठा से पार्टी को मजबूत करेंगे। कार्यक्रम से पूर्व एमएलसी राजेश यादव ‘राजू’ सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने स्व. रामसेवक यादव की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
वहीं जिला महासचिव हिमांशु यादव के नेतृत्व में छाया चौराहा और धनोखर चौराहा स्थित उनकी मूर्ति पर भी माल्यार्पण किया गया। गोष्ठी में पूर्व विधायक सरवर अली खां, पूर्व मंत्री राकेश वर्मा, जैदपुर विधायक गौरव रावत, पूर्व विधायक राममगन रावत, पूर्व एमएलसी अरविंद यादव, सरताज चौधरी, हुमायूं नईम खान, ब्लॉक प्रमुख रेनू वर्मा सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
