बदायूं: पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़े गोवध के रामपुर निवासी दो आरोपी
ओरछी, अमृत विचार। पिछले कुछ दिनों से जिले में गोकशी की घटनाएं बढ़ी हैं। मामले सामने आने के बाद मुठभेड़ में आरोपी पकड़े भी जा रहे हैं। सहसवान, कुंवरगांव, सिविल लाइन के बाद गोकशी के लिए बदनाम फैजगंज बेहटा क्षेत्र के खेत में गोवध किया गया। आईजी के निर्देश पर जांच भी शुरू हुई। जिसके अगले दिन फैजगंज बेहटा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गोवध के जिला रामपुर निवासी दो आरोपियों का गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर पहले से गौ हत्या निवारण अधिनियम के अंतर्गत मामले दर्ज हैं।
कुछ समय पहले सहसवान, कुंवरगांव, सिविल लाइन क्षेत्र में गोकशी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया था तो फरार चल रहे आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही थी। जिसके बाद 19 नवंबर को फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव पिसनहारी के जंगल में गोवंश के अवशेष मिले। हिंदू संगठनों ने हंगामा किया। दूसरी जगह भी जेसीबी से खोदाई न करने पर पुलिस से नोकझोक भी हुई थी लेकिन मामला बढ़ने पर खुदाई हुई तो वहां और अवशेष सामने आए। इससे पता चला कि क्षेत्र में बड़े स्तर पर गोवध चल रहा है। मामला अधिकारियों तक पहुंचा। आईजी ने जांच बैठाई। बरेली की एसपी ने जांच की। फिर रात को चेकिंग के दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई।
मुखबिर ने बताया कि पिसनहारी में गोवंशीय का वध करने वाले आरोपी गांव अशोकपुर मीरपुर क्षेत्र में गोकशी करने की फिराक में हैं। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अशोकपुर मीरपुर मार्ग पर बदमाशों को घेर लिया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। हेड कांस्टेबल मुनाजिर अली घायल हो गए। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। उनके पास से एक लकड़ी का कुंदा, दो प्लास्टिक की रस्सी, तीन छुरा, लोहे की एक छड़ व गड़ासा, दो तमंचे व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। एक ने अपना नाम जिला रामपुर के थाना शाहबाद क्षेत्र के गांव पस्तौर निवासी मर्दान पुत्र रति खां बताया।
दूसरा आरोपी रिफाकत उर्फ नन्हें पुत्र मिंडू भी उसी के गांव का है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह लोग गोवंशीय का वध करके मांस बेचते हैं। उन्होंने ही कुछ दिन पहले पिसनहारी में गोवंशीय का वध किया था। शुक्रवार रात भी वह गोवध करने की फिराक में घूम रहे थे। खुद को बचाने के लिए उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की थी। सूचना मिलने पर सीओ बिसौली सुनील कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। घायलों को भर्ती कराया गया। मर्दान पर साल 2020 में रामपुर जिले में गो हत्या निवारण अधिनियम के अलावा मारपीट, धमकाने, आर्म्स, छेड़छाड़ आदि की रिपोर्ट दर्ज हैं। वहीं रिफाकत पर साल 2019 में जानलेवा हमला, बलवा और गो हत्या निवारण अधिनियम के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है।
