बाराबंकी: समरसेबल पंप लगाने को लेकर हुए विवाद में पेट्रोल छिड़क लगाई आग, ट्रामा रेफर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कोठी/बाराबंकी, अमृत विचार। समरसेबल पंप लगाने के विवाद में समझौते के बाद कहासुनी से नाराज युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। लोगों ने निजी साधन से उसे सीएचसी पहुंचाया जहां से जिला अस्पताल फिर ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। मौके पर पहुंचे सीओ ने पूछताछ की।

थाना क्षेत्र के उस्मानपुर गांव निवासी नागेश्वर पुत्र सुंदरलाल के पड़ोस में उसी का भाई शंकरलाल अपने मकान के सामने शनिवार को समरसेबल बोरिंग करवा रहा था। बोरिंग की जगह को लेकर आपस में दो दिनों से विवाद चल रहा है। नागेश्वर का कहना था उसकी दीवाल के पास से थोड़ी दूर हटके बोरिंग की जाए लेकिन शंकरलाल ने मना कर दिया और पुलिस से शिकायत की।

शनिवार को पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मौके पर जाकर समझौता कराया। उसके बाद शंकर ने बोरिंग शुरू करा दी। बताया जा रहा कि इसके बाद फिर हुई कहासुनी को लेकर नागेश्वर ने घर से सौ मीटर दूर जाकर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। हड़कंप मचते ही मौजूद ग्रामीणों ने अपने वाहन से नागेश्वर को सीएचसी कोठी पहुंचाया। जहां से हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल भिजवा दिया गया।

हालत में सुधार न देख जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर भेजा गया है। घटना की सूचना पर सीओ हैदरगढ़ समीर कुमार सिंह, तहसीलदार कविता ठाकुर, लेखपाल राहुल कनौजिया, जूही सिंह, कोठी थाना प्रभारी अमित प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। सीओ ने पीड़ित की पत्नी मनोज कुमारी से पूछताछ की। नागेश्वर के पुत्र की ओर से तहरीर दी गई है।

सब्जी में निकली मरी छिपकली मिली, हड़कंप

शनिवार को पूड़ी के साथ दी गई सब्जी में मरी छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। युवती की तबीयत बिगड़ने से उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। उधर पीड़ित सब्जी लेकर दुकान पहुंचा, जहां सही जवाब न मिलने पर मामले की शिकायत पुलिस से की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार पुलिस लाइन चौराहे पर गुप्ता पूड़ी कचौड़ी के नाम से खान पान की दुकान है।

शनिवार को कंपनीबाग स्थित कालोनी में रहकर केबल व्यवसाय करने वाले अख्तर आलम के कर्मी विनय नामक युवक के जरिए उनकी बेटी रिदा फातिमा ने पूड़ी सब्जी मंगवाई, विनय ने दुकान से पूड़ी सब्जी लेकर अख्तर आलम के घर पहुंचा दिया। घर में खाने के दौरान युवती को सब्जी में मरी छिपकली मिली तो उसकी तबीयत बिगड़ गई, उसने यह बात अख्तर आलम को बताई।

परिजन युवती को लेकर अस्पताल पहुंच गए। उधर युवक व उसके दुकान मालिक अख्तर आलम सब्जी लेकर दुकान पर पहुंचे और शिकायत की पर दुकान संचालक से सही जवाब नहीं मिला। जिस पर इसकी शिकायत सिविल लाइन पुलिस चौकी में की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुकान संचालक धर्मेन्द्र को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

संबंधित समाचार