लखनऊ : प्लॉट के नाम पर एल्पिडा होम्स ने हड़पे 14.67 लाख, विभूतिखंड थाने में रिपोर्ट दर्ज
लखनऊ, अमृत विचार। रियल एस्टेट कंपनी एल्पिडा होम्स के निदेशक और एजेंट भाई-बहन के खिलाफ विभूतिखंड पुलिस ने 14.67 लाख रुपये की धोखाधड़ी की तीन रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि आरोपी ने प्लॉट दिलाने का झांसा देकर रुपये लिए, लेकिन रजिस्ट्री नहीं की। डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह के निर्देश पर विभूतिखंड पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हुसैनगंज के छितवापुर पजावा निवासी सुरभि मिश्रा ने बताया कि विभूतिखंड में एल्डिको कॉर्पोरेट टॉवर स्थित एल्पिडा होम्स से उन्होंने जनवरी 2021 में संपर्क किया था। वहां उनकी मुलाकात निदेशक उद्देश्य तिवारी व अन्य से हुई थी। बातचीत के बाद पीड़िता ने रायबरेली रोड निगोहां में प्लॉट खरीदा था।
इसके एवज में उन्होंने जनवरी 2021 से दिसंबर 2022 तक 5.85 लाख रुपये अदा किए थे। इसके बाद भी प्लाॅट पर कब्जा नहीं दिया गया। दबाव डालने पर छह माह का वक्त मांगा गया। इसके बाद भी न ही प्लॉट मिला और न ही रुपये वापस हुए।
वहीं, मूल रूप से जिला गाजीपुर भावरकोल निवासी उमाशंकर राय ने बताया कि एजेंट अनूप सिंह के माध्यम से पत्नी सुमन राय के नाम पर अक्टूबर 2020 में डेढ़ हजार वर्गफीट के दो प्लॉट बुक कराए थे। इसके बाद आरोपियों ने नकद व ऑनलाइन 5.38 लाख रुपये लिए। प्लॉट न मिलने पर संपर्क किया तो निदेशक व एजेंट ने धमकाया।
उधर, मऊ जिले के घोसी स्थित मुबारकपुर निवासी दुर्गा प्रताप चौहान ने बताया कि 2022 में एजेंट अनूप सिंह और उनकी बहन अर्चना सिंह ने संपर्क कर कम दर पर प्लॉट का झांसा दिया। इसके बाद पीड़ित ने कई बार में 3,44,412 रुपये जमा किए। रजिस्ट्री के लिए बात करने पर लीगल चार्ज जमा करने को कहा गया।
इसके बाद आरोपियों ने कॉल रिसीव करना बंद कर दिया। इंस्पेक्टर विभूतिखंड अमर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर उद्देश्य तिवारी, अनूप सिंह और अर्चना सिंह के खिलाफ गबन, धोखाधड़ी, अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है।
