5000 मंदिरों पर फहराए जाएंगे केसरिया ध्वज... ट्रस्ट ने नागरिकों से भी की ध्वज फहराने की अपील
अयोध्या, अमृत विचारः राम मंदिर शिखर पर ध्वज स्थापना के साथ ही अयोध्या आज सामूहिक उत्सव का केंद्र बनने जा रही है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने शहर के सभी संत-महंतों से अपील की है, जिसके तहत अयोध्या के 5000 मंदिरों पर केसरिया ध्वज फहराए जाएंगे। इसके अलावा ट्रस्ट ने अयोध्या के आम नागरिकों से भी अपने घरों पर ध्वज फहराने की अपील की है, ताकि पूरा शहर राम भक्ति के रंग से सराबोर दिखे।
ध्वज फहराने की इस मुहिम पर ट्रस्ट का कहना है कि यह सिर्फ एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि रामलला के प्रति आस्था और एकता का सामूहिक प्रदर्शन है। सुबह से ही शहर के मंदिरों में तैयारियां शुरू होंगी और संत-महंत ध्वज स्थापना के कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे। पूरे शहर में दीप, पुष्प और ध्वज के समन्वय से एक भव्य दृश्य उभरकर आएगा।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने कहा कि ध्वजारोहण का कर्यक्रम अद्वितीय होगा। समाज के सभी वर्ग के लोग इसे अपनी आंखों से देखेंगे। उस दिन इस कार्यक्रम का दूरदर्शन पर सजीव प्रसारण होगा। कहा कि अब तक मिली जानकारी के अनुसार उस दिन सभी अपने मंदिरों में, स्थानों पर भी ध्वजारोहण करेंगे। संत अपने मंदिरों का ध्वज बदलेंगे।
हनुमान गढ़ी के महंत संजय दास ने कहा कि प्रधानमंत्री का यदि हनुमान गढ़ी पर आगमन हुआ, तो वहां पर भव्य स्वागत होगा। हनुमान गढ़ी मंदिर पर हनुमान जी महाराज स्वयं ध्वज के साथ विराजे है। हम लोग भी अपने स्थानों पर ध्वज की स्थापना करेंगे।
