एयरपोर्ट से राम मंदिर तक आने के लिए तीन मार्ग आरक्षित... इन मार्गों पर नहीं चल सकेंगे किसी प्रकार के वाहन, 25 नवंबर को नहीं कर सकेंगे ये काम

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

कड़ी सुरक्षा के बीच राम मंदिर पहुंचेंगे वीवीआईपी

अयोध्या, अमृत विचार : ध्वजारोहण समारोह में आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आरएसएस के प्रमुख मोहन भागवत, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य विशिष्ट अतिथियों को राम मंदिर तक पहुंचाने के लिए रामपथ समेत तीन मार्गों को आरक्षित रखा जाएगा। इन मार्गों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। संभावना है कि क्रॉसिंग नेबर-11 से सिर्फ प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व राज्यपाल के लिए आरक्षित रखा जाएगा। अन्य अतिथि क्रॉसिंग नंबर तीन से राम मंदिर में प्रवेश करेंगे।

प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से साकेत महाविद्यालय उतरने के बाद सड़क मार्ग से रामपथ पर निषाद राज चौराहा होकर क्रॉसिंग नंबर-11 से राम मंदिर में प्रवेश करेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से रामपथ पर उदया चौराहे से लता चौक तक के मार्ग को 24 नवंबर की शाम से ही आरक्षित रखा जाएगा। दूसरे विकल्प के रूप में एयरपोर्ट से हाईवे होकर महोबरा सर्विस लेन से चूड़ामणि चौराहा होते हुए लंगड़वीर रेलवे ओवरब्रिज होकर निषादराज चौराहे पर पहुंचने वाले सड़क मार्ग को रखा गया है। संभावना है कि इस मार्ग से अन्य विशिष्ट अतिथियों को राम मंदिर तक पहुंचाया जाएगा। तीसरे विकल्प के रूप में एयरपोर्ट से हाईवे होते हुए साकेत पेट्रोल पंप से धर्मपथ-रामपथ होते हुए राम मंदिर पहुंचने वाला मार्ग है। संभावना है कि मुख्यमंत्री व राज्यपाल का हेलीकॉप्टर राम कथा पार्क के पीछे बने हैलीपैड पर उतरेगा। वह इस मार्ग से होते हुए राम मंदिर तक पहुंचेंगे। इसके अलावा अतिथियों को भी राम मंदिर तक पहुंचाने के लिए इस मार्ग का प्रयोग होगा। इसके चलते सुरक्षा की दृष्टि से यह तीनों मार्ग सबसे प्रमुख हैं। इन तीनों मार्ग पर 24 नवंबर की शाम से सभी प्रकार के वाहनों के चलने से रोक लगा दी जाएगी। सीओ यातायात व सुरक्षा प्रभारी यलो जोन आशुतोष तिवारी ने बताया कि सभी विशिष्ट अतिथियों को कड़ी सुरक्षा के बीच राम मंदिर पहुंचाया जाएगा। साथ ही उनके ठहरने वाले स्थानों पर सुरक्षा के इंतजाम होंगे।

विशिष्ट सुरक्षा में रहेगा उदया से लता चौक तक का मार्ग

रामपथ पर उदया चौराहे से लता चौक तक के मार्ग को अतिसंवेदनशील मार्ग को विशिष्ट सुरक्षा की श्रेणी में रखा गया है। इस मार्ग पर सड़क के दोनों ओर फुटपाथों पर लगी रेलिंग के ऊपर इस तरह से बैरिकेडिंग की जा रही है कि कोई इसे फांदकर सड़क पर न आ सके। साथ ही थोड़ी थोड़ी दूर पर सुरक्षाकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। सूत्रों के अनुसार इस मार्ग पर पड़ने वाली दुकानों, प्रतिष्ठानों को भी कार्यक्रम समाप्त होने तक बंद रखने की तैयारी की गई है। इसके लिए व्यापारियों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की जा रही है। साथ ही इस मार्ग पर गलियों से जुड़ने वाले मार्गों पर भी द्विस्तरीय बैरिकेडिंग लगाई जा रही है।

छतों पर नहीं खड़े हो सकेंगे मीडियाकर्मी, यू ट़यूबर

-रामपथ पर रानोपाली से लता चौक तक के मार्ग पर दोनों ओर बने मकान, दुकान, मंदिरों की छतों पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। लोगों को चेतावनी दी गई है कि वह किसी भी मीडियाकर्मी, यू ट्यूबर, ड्रोन आदि उड़ाने वालों को अपने छतों पर न जाने दें। राम मंदिर के आसपास स्थित मंदिरों व करीब 500 मीटर की दूरी में बने मकान आदि पर भी यह प्रतिबंध लागू रहेगा। इसकी निगरानी के लिए प्रशासन ड्रोन कैमरों का प्रयोग करेगा। साथ ही स्थानीय थाना-चौकी पुलिस को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एसपीजी से अयोध्या में डाला डेरा

प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर एसपीजी के अधिकारियों ने अयोध्या में डेरा डाल दिया है,शनिवार को भी अधिकारियों ने एयरपोर्ट, साकेत महाविद्यालय, राम मंदिर समेत पीएम के आने जाने वाले मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों को परखा। वहीं, गैर जनपदों से भी भारी संख्या में अधिकारी व पुलिस के जवानों ने अयोध्या में आमद करा ली है।

संबंधित समाचार