ब्रेन हेमरेज से बीएलओ की मौत, दबाव बनाकर एसआईआर का काम कराने का आरोप
लखनऊ/मलिहाबाद, अमृत विचार: थाना क्षेत्र के सरांवा गांव निवासी बीएलओ विजय कुमार वर्मा (50) की ब्रेन हेमरेज के चलते शुक्रवार रात को मौत हो गई। पत्नी ने वरिष्ठ अधिकारियों पर मानसिक दबाव बनाकर एसआईआर का काम करने का आरोप लगाया है।
पत्नी संगीता ने बताया कि पति विजय कुमार वर्मा गांव में ही प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र थे। वर्तमान समय में बीएलओ का भी कार्य कर रहे थे। 15 नवंबर शाम को एसआईआर के कार्य के दौरान घर में अचानक गिर पड़े थे। परिजन ने उन्हें चरक हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। डॉक्टर ने ब्रेन हेमरेज होना बताया था। करीब एक सप्ताह इलाज के बाद शुक्रवार रात उनकी मौत हो गई।
पत्नी का आरोप है कि एसआईआर कार्य के लिए पति पर अत्यधिक दबाव था। पूरा दिन मोबाइल पर कार्य किया करते थे। इस कारण रात में सो नहीं पाते थे। मानसिक दबाव के कारण ब्रेन हेमरेज हुआ है। परिवार में एक बेटा हर्षित है। परिजन ने चुनाव आयोग और जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता के साथ मामले की जांच की मांग की है।
शिक्षामित्र संघ ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के महामंत्री विजय गुप्ता (शिक्षामित्र) विजय गुप्ता ने बताया कि बीएलओ पर एसआईआर फॉर्म प्रतिदिन 200 भरने का उच्चाधिकारियों द्वारा मानसिक दबाव बनाया जा रहा है। सच्चाई है कि पूरे दिन में मुश्किल से 20- 25 फार्म भर पाते हैं, क्योंकि धान की कटाई के कारण ग्रामीण घर पर नहीं मिल पाते हैं। उन्होंने कहा कि संसाधन काफी कम हैं। इस कारण बीएलओ पर काफी दबाव है। संघ ने बेटे हर्षित को सरकारी नौकरी व बीएलओ पर मानसिक दबाव न बनाए जाने व बेहतर संसाधन उपलब्ध कराए जाने के लिए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है।
