Bareilly : बुलडोजर कार्रवाई के दौरान गिरा बिजली पोल...सात हजार घरों की बिजली गुल
बरेली, अमृत विचार। पीलीभीत बायपास रोड पर बने आरिफ के अवैध शोरूम का ध्वस्तीकरण करने के लिए जब दूसरे दिन बीडीए की टीम मौके पर पहुंची, बुलडोजर का एक हिस्सा सील फ्लोरा गार्डन बारात घर के सामने लगे बिजली के पोल से टकरा गया, इतने में पोल एक तरफ को झुक गया ऐसे में पोल में लगे हाईटेंशन लाइन के तारों पर पोल झूल गया।
ऐसे में बड़ा हादसा होने से बच गया। मौके पर अफरा तफरी मच गई लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभाला। पासपोर्ट सेवा केंद्र समेत करीब सात हजार घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
बीडीए की प्रवर्तन टीम ने रविवार को दोपहर करीब 12 बजे शोरूम के बचे हुए हिस्से को ध्वस्त करना आरंभ किया इतने में बिजली का पोल झुक गया। टीम को कार्रवाई रोकनी पड़ी। फौरन बिजली विभाग को सूचना दी गई। इलाके की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।
वहीं बिजली विभाग की टीम ने मौके पर आकर सबसे पहले शटडाउन लिया, जिसके बाद बीडीए ने दोबारा से कार्रवाई आरंभ की। वहीं बिजली विभाग की टीम ने भी इसके बाद मरम्मत कार्य आरंभ किया, सीढ़ी लगातार झुके हुए पोल को ठीक किया वहीं पोल के निचले हिस्से पर मिट्टी भरी गई।
