हर स्तर पर जिम्मेदारी निभाएं, चूक पर होगी सख्त कार्रवाई, मतदाता सूची पुनरीक्षण पर डीएम हुए सख्त
बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने रविवार को विधानसभा बाराबंकी (सदर) क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय बड़ेल द्वितीय स्थित बूथ संख्या 385 और 386 पर पहुँचकर उन्होंने फीडिंग सहित समस्त कार्यों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बरदाश्त नहीं की जाएगी।
बूथ संख्या 385 की बीएलओ नीतू श्रीवास्तव ने डीएम को जानकारी दी कि उनके बूथ पर 686 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से लगभग 300 एसआईआर आवेदन पूरे किए जा चुके हैं। वहीं बूथ संख्या 386 की बीएलओ दीपलता ने बताया कि उनके बूथ पर लगभग 250 आवेदन पूरे हो चुके हैं। जिलाधिकारी ने भरे हुए फार्मों की जांच की तथा बीएलओ ऐप पर फीडिंग की स्थिति भी परखी।
अधिकारियों के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए डीएम त्रिपाठी ने उन्हें और बेहतर ढंग से तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसआईआर कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए मतदाताओं को भी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए बीएलओ का सहयोग करना चाहिए, ताकि फॉर्म भरने से लेकर ऑनलाइन फीडिंग तक की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ नीतू श्रीवास्तव, दीपलता और सुपरवाइज़र की सराहना की कर उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जो बीएलओ अपने-अपने बूथ का कार्य सबसे पहले पूरा करेंगे, उन्हें सर्वश्रेष्ठ घोषित कर सम्मानित किया जाएगा। डीएम ने पूछा कि ऐप या नेटवर्क से संबंधित कोई समस्या तो नहीं है।
इस पर बीएलओ ने बताया कि प्रारंभिक दिनों में ऐप में कुछ दिक्कतें थीं, लेकिन अब ऐप सुचारू रूप से काम कर रहा है, जिससे कार्य तेजी से पूरा हो रहा है। बीएलओ ने दावा किया कि संपूर्ण कार्य शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित कर एसआईआर कार्य को तीव्र गति से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर कोताही पाए जाने पर संबंधित कर्मी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी नवाबगंज आनंद कुमार तिवारी, तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
