बाराबंकी में ड्राइविंग सीख रहे बेटे की कार से कुचलकर मां की मौत, परिजनों में कोहराम
हैदरगढ़/बाराबंकी, अमृत विचार। घर के बाहर खड़ी कार चलाना सीखते समय बेटे ने नियंत्रण खो दिया और कार आगे बैठी उसकी मां पर चढ़ गई। घायल महिला को परिजन सीएचसी लेकर गए जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, हालांकि परिजन शव को अपने साथ लेकर चले गए।
जानकारी के अनुसार यह घटना कोतवाली क्षेत्र के बहुता गांव में रविवार की सुबह हुई। गांव निवासी राकेश कुमार तिवारी के घर उनके दामाद कार लेकर आए थे। कार घर के द्वार पर खड़ी थी जबकि राकेश की पत्नी मीनू तिवारी 60 घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर धूप सेंक रही थीं।
राकेश तिवारी के पुत्र सूरज ने अपने जीजा से कार चलाना सीखने की बात कही और कार की चाबी लेकर उसे स्टार्ट कर दिया। तभी सूरज का पैर तेज़ी से एक्सीलेटर पर पड़ गया, जिससे कार उछलकर सीधे उसकी मां के ऊपर चढ़ गई। गंभीर अवस्था में परिजन घायल मीनू तिवारी को सीएचसी हैदरगढ़ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद सदमे में डूबे परिवारजन बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव को लेकर घर लौट गए।
