Rampur: डिप्टी सीएम केशव मौर्य बोले-बिहार चुनाव परिणाम के बाद कंपकपा रहे राहुल और अखिलेश 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। बिहार विधानसभा चुनाव के परिणा के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से लेकर शीर्ष नेताओं का आत्मविश्वास चरम पर है। रविवार को सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर रामपुर पहुंचे प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी पार्टियों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में एनडीए को मिली एक-तरफा जीत के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कंपकपा रहे हैं। इन्हें अभी से 2027 चुनाव में हार का डर सताने लगा है। 

आंबेडकर पार्क में उपमुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्र निर्माण के अमूल्य योगदान को नमन किया। उन्होंने प्रेसवार्ता में कहा कि राहुल गांधी वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं, जबकि वास्तविकता में यह काम कांग्रेस ही कर रही है। उन्होंने 1971 के लोकसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए बताया कि तब रायबरेली से इंदिरा गांधी ने चुनाव हारने के बाद वोट चोरी कर जीत हासिल की थी। उन्होंने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री के चुनाव में सरदार बल्लभभाई पटेल को 14 वोट मिले, जबकि पंडित जवाहरलाल नेहरू को सिर्फ एक वोट मिला, फिर भी नेहरू प्रधानमंत्री बन गए। 

उन्होंने इसके साथ ही कांग्रेस के पुराने विवादों को याद कर राहुल गांधी पर तंज कसा। वहीं आजम खान पर जेल जाने के मुद्दे तंज कसते हुए कहा कि जो जैसा करेगा वैसा भरेगा। उन्होंने कहा कि 2047 तक कांग्रेस और सपा प्रदेश और देश में सत्ता का ख्वाब देखना छोड़ दें। केशव प्रसाद मौर्य ने रामपुरवासियों से एसआईआर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी और ईमानदारी से मतदान ही समाज और राष्ट्र के हित में सही दिशा तय करता है। उन्होंने एसआईआर पर सवाल उठाने पर अखिलेश यादव को घेरा, बोले कि वो चुनाव आयोग से एसआईआर का समय बढ़ाने की मांग करें। वंदेमातरम पर सवाल उठाने वाले लोगों को कहा कि राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम से अंग्रेज भारत छोड़ कर भाग गए थे, तो विपक्ष या अन्य लोग कहा टिकेंगे।

संबंधित समाचार