2003 की मतदाता सूची में नाम ढूंढना अब चुटकियों में! ECI ने लॉन्च किया नया पोर्टल
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश में की कवायद के बीच चुनाव आयोग ने एक वेब पोर्टल के जरिए 2003 की मतदाता सूची में अपना नाम खोजने की प्रक्रिया को आसान किया है। सीईओ नवदीप रिणवा ने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में प्रत्येक मतदाता को अपना गणना प्रपत्र सही से भरकर और हस्ताक्षर करने के बाद 4 दिसंबर तक अपने बीएलओ को उपलब्ध कराना है।
उन्होंने रविवार को जारी एक बयान में बताया कि, वर्ष 2003 में तैयार मतदाता सूची में अपना या अपने संबंधी का विवरण खोजने के लिए वेब पोर्टल voters.eci.gov.in पर जाएं। सर्च योर नेम इन लास्ट एसआईआर पर क्लिक करें। सर्च बाई इलेक्टर डिटेल्स टैब पर जाएं और ऐसा कर अपने या अपने संबंधी का ब्योरा आसानी से खोज सकते हैं।
उन्होंने कहा कि अगर वर्ष 2002-2004 की अवधि में मतदाता भारत के किसी अन्य राज्य में रहा हो तो उस राज्य में उस अवधि में संपन्न हुए एसआईआर के बाद तैयार मतदाता सूची भी इस वेब पोर्टल पर उपलब्ध है। गणना प्रपत्र को वेब पोर्टल पर ही ऑनलाइन भरने की सुविधा भी उपलब्ध है। सीईओ ने बताया कि मतदाता पोर्टल पर जाकर अपना एपिक नंबर दर्ज कर अपने बीएलओ का नाम व फोन नंबर पता कर सकते हैं।
