ध्वजारोहण कार्यक्रम : प्रधानमंत्री मोदी के लिए होंगे 33 वेलकम ड्रिंक्स, अति विशिष्ट अतिथियों के लिए जलपान व खानपान का विशेष प्रबंध

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

पुनीत श्रीवास्तव, अयोध्या, अमृत विचार: श्री राम मंदिर के भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम में आने वाले अति विशिष्ट अतिथियों के लिए जलपान और खानपान का विशेष प्रबंध किया जा रहा है। सबसे खास इंतजाम पीएम नरेंद्र मोदी के लिए है। उनकी व्यवस्था कड़ी सुरक्षा के बीच की जा रही है। पीएम मोदी व पीएमओ के लिए 50 प्रकार के खाद्य और पेय पदार्थों की व्यवस्था है। इनमें 33 प्रकार के केवल वेलकम ड्रिंक्स होंगे। इसमें कई विशिष्ट पेय शामिल किए गए हैं। पीएम की खाद्य सामग्री महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से चॉपर में लोड होकर साकेत महाविद्यालय तक आएगी। खास यह भी है कि पीएम मोदी के यहां भोजन ग्रहण करने की अब तक कोई जानकारी नहीं है। वह मंदिर में सिर्फ प्रसाद व जल ग्रहण करेंगे। इसके अलावा राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के लिए भी विशिष्ट प्रकार के इंतजाम होंगे।

रहेंगे वेज पकौड़े, इंडियन स्वीट व टेंडर कोकोनट वाटर

सहायक आयुक्त (खाद्य) मानिक चन्द्र सिंह ने बताया कि पीएमओ के लिए सॉफ्ट पीपी जूस, टेंडर कोकोनट वाटर, फ्लेवर्ड मिल्क, वेज पकौड़े, टोमैटो कैचअप, इंडियन स्वीट, मिनरल वाटर, कोक केन, स्प्राइट केन, फैंटा केन, मुरमुरा व ड्राई फ्रूट इत्यादि को शामिल किया गया है। लगभग 50 से भी अधिक पेय व खाद्य पदार्थ शामिल है। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सिर्फ प्रसाद ग्रहण करने की ही सूचना है।

तीन बार जांच के बाद ही प्रयोग में आएंगे खाद्य पदार्थ

पीएमओ के लिए लाए गए खाद्य पदार्थ तीन चरणों में चेक किए जाएंगे। इसके लिए हर खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ चिकित्सक व एलआईयू रहेगी। ग्रीन रूम में तीनों से खाद्य पदार्थ चेकिंग फिर एसपीजी के परीक्षण के बाद उसका सेवन किया जा सकेगा। इसमें परीक्षणकर्ता स्वयं पदार्थों को चेक करने के बाद ही परोसने की अनुमति देता है।

30 खाद्य सुरक्षा अधिकारी करेंगे निगरानी

-पीएम मोदी तीन से चार घंटे अयोध्या में रहेंगे। इस दौरान उनका रोड-शो भी प्रस्तावित है। कार्यक्रम में अन्य वीवीआईपी में अब तक आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हैं। विशिष्ट अतिथियों के खान-पान में किसी तरह की चूक न हो। इसके लिए 30 खाद्य सुरक्षा अधिकारी लगाए गए हैं। इसमें 10 जनपद के व 20 बाहर से आए हैं।

संबंधित समाचार