Moradabad : डेंगू और मलेरिया का प्रकोप जारी, 103 पहुंची मरीजों की संख्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में डेंगू और मलेरिया के मामलों में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में तीन नए डेंगू मरीजों की पुष्टि हुई है, जिसके बाद जिले में अब तक कुल 35 लोग डेंगू से प्रभावित हो चुके हैं। वहीं, मलेरिया के दो नए मामले सामने आने से इस बीमारी के मरीजों की संख्या बढ़कर 68 हो गई है। दोनों बीमारियों को मिलाकर संक्रमितों की कुल संख्या अब 103 तक पहुंच गई है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता और बढ़ गई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार नए मिले डेंगू मरीज शहरी क्षेत्र से ही हैं। जबकि मलेरिया के मरीज ग्रामीण इलाकों से सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में जाकर मरीजों की सूची तैयार कर रही हैं और उनके संपर्क में आए लोगों का भी परीक्षण किया जा रहा है। लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग ने फॉगिंग और एंटी-लार्वा अभियान को तेज करने के निर्देश दिए हैं। 

साथ ही, जलभराव वाले इलाकों की सफाई और खुले में रखे पानी के कंटेनरों को खाली कराने का भी अभियान चलाया जा रहा है। सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि डेंगू के सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उन्हें या तो घर पर निगरानी में रखा गया है या जिला अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। लोगों से अपील की जा रही है कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें। पूरी बाजू के कपड़े पहनें, मच्छरदानी का प्रयोग करें और बुखार की स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करवाएं।

 

संबंधित समाचार