रामपुर: शादी के घर में महिला रिश्तेदार की हार्टअटैक से मौत
ढकिया (रामपुर) अमृत विचार। शाहबाद थाना क्षेत्र के गांव ढकिया गांव में शादी के घर में दुल्हन की करीबी महिला रिश्तेदार की हार्टअटैक से मौत हो गई। रविवार रात में सोते हुए महिला की हार्ट अटैक से मौत हो गई। परिवार में रात बदायूं से बारात आई थी। महिला की मौत होने से जहां शादी की खुशियां मातम में बदल गई। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कस्बा ढकिया में दन्नू कश्यप की बेटी किरन की संभल जिला के बहजोई थाना क्षेत्र के सतरोली गांव से रविवार रात बारात आई थी। सभी परिजन व पास पड़ोसियों ने हर्षोंल्लास के साथ बारात का स्वागत किया। बारात में खाना खाने के बाद रात के करीब दो बजे दन्नू कश्यप के ताई 45 वर्षीय पत्नी मालती ने बारात में आए मेहमानों को चाय पिलाई, जिसके बाद वह चारपाई पर सो गई। परिजनों ने बताया कि रात के करीब तीन बजे जब उसके पति महेंद्र ने देखा तो पत्नि का एक हाथ चारपाई से नीचे लटक रहा था।
पत्नी का हाथ चारपाई पर लटका देख जब महेंद्र ने पास जाकर हाथ को छुआ तो वह बेजान था। जिस पर महेंद्र ने पत्नी मालती को उठाने का प्रयास किया। लेकिन वह नहीं उठ सकी। आनन-फानन में महेंद्र व तमाम रिश्तेदार मालती को लेकर निजी चिकित्सक के पास पहुंचे। लेकिन निजी चिकित्सक ने देखते ही महिला की साइलेंट हार्टअटैक से मौत हो जाने की जानकारी दी। महिला की मौत होते ही घर में कोहराम मच गया। शादी के फेरों के समय मौत होने से शादी की खुशियां भी मातम में बदल गई। आनन-फानन में फेरों की रस्म पूरी कर बारात को विदा किया गया
