Bareilly: हाई रिस्क सूची में था आरिफ का कब्जा, कई बरातघर भी रडार पर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने बीते शनिवार को जगतपुर स्थित आरिफ के अवैध बाजार को ध्वस्त कर दिया है। अचानक हुई कार्रवाई से हर कोई सकते में है, लेकिन इस कार्रवाई से पहले प्रशासन ने गोपनीय सर्वे किया था, जिसमें आरिफ का अवैध बाजार हाई रिस्क सूची में दर्ज किया गया। वहीं इस इलाके की हर गली नुक्कड़ पर बड़ी संख्या में बरातघर बने हुए हैं। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि इनके निर्माण में भी मानकों की अनदेखी की गई है। ये बरातघर भी बीडीए के रडार पर हैं।

अधिकारियों के अनुसार, जगत पुर में जिस स्थान पर 16 दुकानें बनाकर आरिफ ने अवैध बाजार बसाया था, राजस्व विभाग और नगर निगम के अभिलेखों में ये भूमि सरकारी होने की पुष्टि हुई थी। वहीं अब तहसील, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम संयुक्त रूप से अन्य अवैध कब्जों के चिह्नीकरण को लेकर सर्वे शुरू करने जा रहे हैं। वहीं बीडीए और नगर निगम ने शहर के आधा दर्जन से अधिक इलाकों में बने बरातघरों का सर्वे भी करने की योजना भी इसमें शामिल की है।

कब्जे बढ़ते गए, संकरी होती गई सड़क
नगर निगम से मिली रिपोर्ट के अनुसार, जगतपुर रोड की चौड़ाई 55 मीटर तय की गई थी। प्रमुख मार्ग के मद्देनजर निगम से इसकी चौड़ाई निर्धारित की थी, लेकिन साल दर साल इस रोड पर अतिक्रमण बढ़ता गया। इसके चलते सड़क संकरी होती चली गई। वर्तमान रिपोर्ट के अनुसार अब सड़क महज 18 से 22 मीटर बची है।

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि पुराना शहर समेत अन्य इलाकों की सड़कों की पैमाइश आरंभ करने के आदेश दिए गए हैं। इस पैमाइश में तहसील, लोक निर्माण विभाग समेत अन्य विभागों का भी सहयोग लिया जाएगा।

संबंधित समाचार