बाराबंकी : 18 रेस्टोरेंट और ढाबों पर छापेमारी, एक लाख की पनीर और दूध नष्ट
बाराबंकी, अमृत विचार। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने लखनऊ-अयोध्या हाईवे और आसपास के क्षेत्रों में कुल 18 प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाए गए कमियों के संबंध में खाद्य कारोबारियों को सुधार हेतु सूचना जारी की गई। इसी क्रम में देवा रोड, रेलवे ओवर ब्रिज के पास संचालित डेयरी का औचक निरीक्षण किया गया।
मौके पर खाद्य पदार्थों जैसे पनीर, कीमा और मिश्रित दूध अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में तैयार होते पाए गए। टीम ने मौके पर 120 किलो पनीर, 100 किलो कीमा और 50 लीटर मिश्रित दूध बरामद किया। गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर इन सभी का विधिक नमूना जांच के लिए संकलित किया गया।
जनहित में इन अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों को मौके पर नष्ट कर दिया गया। नष्ट किए गए सामान का अनुमानित मूल्य 1,03,500 रुपये था, जिसमें पनीर लगभग 48,000 रुपये, क्रीम 52,500 रुपये और मिश्रित दूध 3,000 रुपये का था। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय शैलेद्र प्रताप सिंह ने बताया कि खाद्य कारोबारियों को हाइजीनिक परिस्थितियों के बाद ही व्यवसाय संचालन करने की अनुमति दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में निर्माण और भंडारण रोकते हुए संबंधित प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया। प्रशासन ने चेताया है कि जनपद में अस्वास्थ्यकर दशाओं में खाद्य पदार्थ निर्माण, भंडारण या विक्रय करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
