राम मंदिर में ऐतिहासिक ध्वजारोहण: पीएम मोदी शिखर पर लहराएंगे भगवा ध्वज, 32 मिनट में पूरे होंगे सभी विधि-विधान
अयोध्याः रामलला की नगरी अयोध्या मंगलवार को एक और स्वर्णिम अध्याय लिखने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं राम मंदिर के सबसे ऊंचे शिखर पर भगवा ध्वज फहराकर मंदिर निर्माण की पूर्णता का संदेश विश्व को देंगे। यह क्षण सनातन संस्कृति, श्रद्धा और राष्ट्रीय गौरव का अद्भुत संगम होगा। ध्वजारोहण का शुभ मुहूर्त दोपहर 11:58 बजे से 12:30 बजे तक रहेगा; ये ठीक 32 मिनट अभिजीत मुहूर्त के हैं, जो भगवान श्रीराम के जन्म से जुड़ा सबसे पवित्र समय माना जाता है।
21.png)
21 नवंबर से चल रहे वैदिक अनुष्ठानों की पूर्णाहुति भी इसी दिन होगी। सुबह 6 बजे से 10 बजे तक विशेष पूजा-हवन होंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री रामलला के गर्भगृह में दर्शन-पूजन करेंगे, राम दरबार के दर्शन करेंगे, फिर सप्तऋषि मंदिर, शेषावतार मंदिर और माता अन्नपूर्णा मंदिर में मत्था टेकेंगे। तत्पश्चात मुख्य ध्वजारोहण स्थल पर पहुँचेंगे।
21.png)
केवल 4-5 मिनट के संक्षिप्त किंतु अत्यंत पावन अनुष्ठान में वैदिक मंत्रों की गूँज के बीच पीएम मोदी एक बटन दबाकर भगवा ध्वज फहराएंगे। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी लगभग 7 से 8 हजार चुनिंदा अतिथि होंगे। इनमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रमुख संत-महंत, उद्योगपति, दलित एवं वंचित समाज के प्रतिनिधि, किन्नर समुदाय तथा अघोरी परंपरा के साधु-संत भी शामिल हैं।
22.png)
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से इस अवसर पर भव्य “मंगल-स्वस्ति वाचन” का आयोजन हो रहा है। देश के ख्याति प्राप्त संगीतकार एवं भजन गायक रामचरितमानस के चुनिंदा चौपाइयों एवं विभिन्न संत परंपराओं के मंगल काव्यों का सामूहिक गायन करेंगे, जिससे पूरा वातावरण राममय हो जाएगा।
पीएम मोदी का चार घंटे का अयोध्या प्रवास और भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री सुबह करीब 9:30 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विशेष विमान से पहुँचेंगे। वहाँ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सहित अन्य गणमान्य उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद हेलिकॉप्टर से साकेत कॉलेज हेलीपैड पहुँचकर सड़क मार्ग से भव्य रोड-शो करते हुए राम मंदिर तक आएंगे।
23.png)
रामपथ पर लगभग एक किलोमीटर के मार्ग पर 12 स्थानों पर महिलाएँ एवं विभिन्न समुदायों की ओर से पुष्पवर्षा होगी। सात मंचों पर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग अंचलों के लोक कलाकार नृत्य, वादन और गायन प्रस्तुत करेंगे। साकेत कॉलेज गेट पर वैदिक आचार्यों के नेतृत्व में बटुक शंखनाद और स्वस्तिवाचन होगा।
सुबह 10 बजे पीएम मोदी एवं संघ प्रमुख मोहन भागवत राम मंदिर परिसर में प्रवेश करेंगे। दर्शन-पूजन के बाद ठीक 11:58 बजे से शुरू होकर दोपहर 12:30 बजे तक ध्वजारोहण होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे और दोपहर 1:30 बजे वापस एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।
161 फीट ऊंचे ध्वजदंड पर चढ़ाया 21 किलो शुद्ध सोना
राम मंदिर के शिखर पर लगा 161 फीट ऊँचा ध्वजदंड पूरी तरह स्वर्ण मंडित है। इस पर मुंबई के कुशल कारीगरों ने करीब 21 किलोग्राम शुद्ध सोने की पतली परत चढ़ाई है। खास बात यह है कि यह नाभि-दंड ठीक उसी स्थान से निकला है जहाँ 5 अगस्त 2020 को पीएम मोदी ने भूमि-पूजन किया था। भूमि तल से 50 फीट नीचे से शुरू होकर शिखर तक इसकी कुल ऊँचाई 211 फीट है, जिसमें से ऊपरी 161 फीट का हिस्सा अब पूर्ण रूप से स्वर्णिम हो चुका है।
24.png)
सुरक्षा और चिकित्सा की अभेद व्यवस्था
प्रधानमंत्री एवं संघ प्रमुख के काफिले में तीन-तीन एडवांस्ड एंबुलेंस तैनात रहेंगी जिनमें विशेषज्ञ डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ 24×7 अलर्ट रहेंगे। श्रीराम अस्पताल में 40, जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में 60 बेड आरक्षित किए गए हैं। पूरे शहर में ड्रोन निगरानी, वाहन प्रतिबंध और SPG की बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू है।
