NCR से सटे प्रदेश के जिलों की हवा बेहद खराब...लोगों का सांस लेना हुआ मुश्किल
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश के उन जिलों की वायु गुणवत्ता काफी खराब स्थिति में है, जो दिल्ली-एनसीआर से सटे हैं। मेरठ मंडल के शहरों का प्रदूषण लेवल हाई रहा।
हापुड़ का एक्यूआई 420 और नोएडा का 418 रिकार्ड हुआ। इन तीनों शहरों में प्रदूषण की स्थिति गंभीर श्रेणी में है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, लखनऊ, बरेली और कानपुर में भी वायु प्रदूषण चिंताजनक स्तर पर है। खासकर लखनऊ और कानपुर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) खतरनाक स्तर तक पहुंच जाता है। लखनऊ में एक्यूआई 361 के आसपास है, जबकि कानपुर में यह 388 है। बरेली में भी यही स्थिति है।
हाल की रिपोर्ट में देशभर में गाजियाबाद सबसे प्रदूषित शहर रिकार्ड हुआ है। वहीं, हापुड़ दूसरे और नोएडा तीसरे स्थान पर दर्ज हुआ है। इन तीनों शहरों का एक्यूआई 400 से अधिक होने के कारण गंभीर श्रेणी में रखा गया है। हापुड़ उत्तर प्रदेश में सबसे प्रदूषित शहर माना गया है। वैसे सबसे प्रदूषित शहरों में मेरठ मंडल से गाजियाबाद, हापुड़, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, मेरठ, बुलंदशहर, बागपत के साथ मुजफ्फरनगर शामिल है। गंभीर तथ्य यह है कि दिल्ली की स्थिति गाजियाबाद, हापुड़ और नोएडा से बेहतर है।
