Ram Mandir Flag Hoisting: मंदिर-ध्वज का केसरिया रंग... सूर्यवंशी परम्परा का शास्त्रोक्त रहस्य  

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

अयोध्या। राम मंदिर के शिखर पर लहराने वाला केसरिया ध्वज कोई साधारण झंडा नहीं है। यह सूर्यवंश की हजारों साल पुरानी गरिमा, सत्य की विजय और संपूर्ण सनातन चेतना का जीवंत प्रतीक है। भक्तों का उत्साह देखते ही बनता है, लेकिन इस ध्वज के पीछे छिपी शास्त्रीय गहराई जानकर रोम-रोम पुलकित हो उठेगा।

हिंदू मंदिर परंपरा में ध्वज ऊर्जा का सबसे शक्तिशाली केंद्र माना जाता है। वह मंदिर की आत्मा का दृश्य रूप है। शिखर पर लहराता ध्वज घोषणा करता है, “यहां धर्म विराजमान है, सत्य यहां सशरीर उपस्थित है।” प्राचीन शास्त्र कहते हैं, ध्वज के दर्शन मात्र से पूरे मंदिर के दर्शन-पूजन का फल मिल जाता है। यही वजह है कि दूर से ध्वज दिखते ही भक्त हाथ जोड़ लेते हैं।

केसरिया रंग: सूर्यवंश का राजचिह्न

राम मंदिर में केसरिया ध्वज का चुनाव संयोग नहीं, सोची-समजी शास्त्रीय योजना है। प्रख्यात कथावाचक और रामकुंज पीठाधीश्वर महंत रामानंद दास जी महाराज बताते हैं, “श्रीराम सूर्यवंशी हैं। केसरिया रंग सूर्य का रंग है, त्याग का रंग है, तेज का रंग है। यह वही रंग है जो इक्ष्वाकु वंश के राजाओं के राजचिह्न में सदियों से चमकता आया है।”

ध्वज का त्रिकोण आकार भी प्रतीकात्मक है, यह अग्नि तत्त्व और तेज का द्योतक है। ध्वज पर बना कोविदार (कमल पुष्प और सूर्य का संयुक्त चिह्न) अयोध्या के सूर्यवंशी नरेशों का प्राचीन राजकीय प्रतीक चिह्न है, जिसके वंशज स्वयं मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम हैं।

धर्म की अमर विजय की घोषणा

ज्योतिषाचार्य पंडित प्रवीण शर्मा कहते हैं, “ध्वज बदलना या नया ध्वज फहराना इसलिए होता है ताकि देवता को सूचना मिले कि आज विशेष पर्व है, आज भक्तों की भीड़ है, आज ऊर्जा अपने चरम पर है। यह सत की असत पर, धर्म की अधर्म पर और प्रकाश की अंधकार पर विजय का शाश्वत संदेश है।”

आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों यह केसरिया ध्वज राम मंदिर के 161 फीट ऊंचे स्वर्णिम दंड पर लहराएगा, यहां सिर्फ एक कपड़ा नहीं लहराएगा, बल्कि सूर्यवंश की अमर गाथा, श्रीराम का राजतिलक और संपूर्ण सनातन संस्कृति की विजय-पताका लहराया जाएगा।

संबंधित समाचार