बरेली : कोहरे में रहें सावधान, सड़क किनारे खड़े हैं यमदूत
जिले में सड़क किनारे जहां-तहां खड़े वाहनों से हर साल होते हैं हादसे, बचाव के उपाय अब भी नदारद
बरेली, अमृत विचार। सर्दी अब बढ़ने लगी है। घने कोहरे ने भी दस्तक दे दी है। कुछ दिन में कोहरा और घना होगा तो हादसों का डर भी बढ़ेगा। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की विशेष जरूरत है। क्योंकि जहां-तहां खड़े होने वाले ये यमदूत किसी की जान ले सकते हैं। इन पर सिस्टम में बैठे जिम्मेदारों की नजर भी तब पड़ेगी जब कोई हादसा हो जाएगा। पिछले साल जिले में पीलीभीत बाईपास रोड और नैनीताल हाईवे पर ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें सड़क पर खड़े वाहन से किसी न किसी दूसरे वाहन की पीछे से टक्कर होने पर लोगों की मौत हुई तो कई लोग घायल हुए। बावजूद रोकथाम का कोई प्रबंध नहीं किया जा रहा है। ऐसे में सर्दियों के मौसम में बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई है।
जिले में कोहरे ने शुक्रवार से दस्तक देना शुरू कर दी है। सीजन के पहले कोहरे में ही दृश्यता शून्य के बराबर रहने से नैनीताल हाईवे पर दो हादसे हुए थे। इनमें बहेड़ी में बरातियों की बस पलटने और भोजीपुरा में ट्राली में पिकअप घुसने पर 13 से अधिक लोग घायल हुए थे। एक हादसा फरीदपुर में ट्रक और कार टकराने से हुआ था। पीलीभीत रोड पर सैटेलाइट बस स्टैंड से यूनिवर्सिटी तक, शाहजहांपुर रोड पर श्यामगंज से मालियों की पुलिया फिर सैटेलाइट से नरियावल तक, नैनीताल रोड पर बिलवा पुल के पास दिन हो या रात, वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े रहते हैं। रात के समय अक्सर सड़क पर खड़े वाहनों को ओवरटेक करने के चक्कर में पीछे से आने वाले वाहन टकरा जाते हैं। पिछले साल ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। नैनीताल हाईवे पर घने कोहरे के कारण एक के बाद एक सात वाहनों की आपस में टक्कर में 26 लोगों घायल हुए थे। घटना बरेली-नैनीताल मार्ग पर जादोपुर के पास घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण हुई थी। इसके अलावा रोड किनारे खड़े ट्रक में दूसरा ट्रक घुसने से एक ट्रक चालक की मौत हो गई थी। इसी तरह पीलीभीत रोड पर भी कई हादसे हुए थे। हर साल इस तरह की घटनाएं होने के बाद भी पुलिस-प्रशासन की तरफ से वाहनों को सड़क किनारे खड़े करने से रोकने की कवायद होती है, लेकिन बाद में हर कोई इसे भूल जाता है।
वाहन चालक यह बरतें सावधानी
अपनी गाड़ी की लाइट और ड्राइविंग के दौरान देखने की क्षमता को ध्यान में रखकर ही सफर करें। अपने वाहन को डिवाइडर और सड़क किनारे बनी सफेद पट्टी के करीब से न चलाएं। रात में चार पहिया वाहन चलाते समय पार्किंग लाइट को चालू रखें। दो पहिया वाहनों में भी इंडिकेटर व पार्किंग लाइट जलाकर चलें।
