बाराबंकी : पुलिया से टकराई बाइक, दो दोस्तों की मौत
बाराबंकी: अमृत विचार। मंगलवार दोपहर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। रफ्तार के चलते इनकी बाइक पुलिया से जा टकराई, दोनों घायलों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सरयू नदी के दूसरे छोर पर रहने वाले मृतक जिला मुख्यालय पर पेंटिंग का काम पूरा कर अपने मूल गांव जा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार यह हादसा मंगलवार की दोपहर जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में दरहरा पुलिया पर हुआ। टिकैतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बांसगांव निवासी सुनील पुत्र रामहरख व मजरा कमियार वासी देवा निषाद पुत्र रवीन्द्र मंगलवार को जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के कनौजिया गांव में पेटिंग का काम पूरा करने के बाद मूल गांव वापस जा रहे थे। बताया जा रहा कि क्षेत्र में दरहरा गांव स्थित पुलिया से इनकी तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों युवक बाइक समेत नीचे जा गिरे।
हादसा इस कदर गंभीर था कि कुछ ही पलों में इन दोनों की मौत हो गई। उधर से गुजरे लोगों ने पुलिस को सूचना दी, मौके पर पहुंची पुलिस इन्हे सीएचसी लेकर गई जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मोबाइल के सहारे पड़ताल की तो दोनों का गांव सरयू नदी के दूसरी छोर का निकला। जहां पहुंचने के लिए गोण्डा जिला होकर जाना पड़ता है। परिजनों को सूचना देकर पुलिस ने शवोें को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
आठ दिन पहले सूरत से आए थे गांव
पेंटिंग के काम में माहिर सुनील व देवा में गहरी दोस्ती थी, वहीं दोनों अपने घर के कमाऊ सदस्य भी थे। बताया जा रहा कि करीब आठ दिन पूर्व दोनों गुजरात के सूरत से घर वापस आए थे। इसी बीच जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के कनौजिया गांव में पेंटिंग का काम मिल गया। काम पूरा करने के बाद दोनों इसी क्षेत्र के कैलाशपुरी मजरे मोहिउद्दीनपुर स्थित एक अन्य घर पर रुकने के बजाए मूल गांव की ओर चल दिए। किसी को भनक नहीं थी कि यह उनका आखिरी सफर होगा।
लखनऊ के हादसे में बाराबंकी के युवक की मौत
लखनऊ के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह कार सामने खड़े ट्रक में टकरा गई। जानकारी के अनुसार लोनीकटरा थाना क्षेत्र के ग्राम सरांय पांडेय निवासी शानू अपने दोस्त विकास रावत के साथ कार से गोसाईगंज थाना क्षेत्र स्थित एक मैरिज लॉन में शादी समारोह में शामिल होने गया था।
मंगलवार सुबह घर वापस आते समय इसी थाना क्षेत्र के ग्राम चांद सरांय के पास कार सामने खड़े ट्रक से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में गंभीर रूप से घायल शानू की मौत हो गई, जबकि विकास रावत को गंभीर दशा में सीएचसी गोसाईगंज से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। मंगलवार शाम जब शानू का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में रोना पिटना मच गया।
