सपा ने SIR प्रक्रिया में गड़बड़ी के लगाए आरोप, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने समय सीमा बढ़ाने की मांग की

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : समाजवादी पार्टी ने प्रदेश में चल रही एसआईआर (विशेष गहन पुनिरीक्षण) प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर हो रही अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन के माध्यम से लंबी-चौड़ी शिकायत भेजी है। पार्टी ने कहा कि बीएलओ द्वारा मतदाताओं के गणना प्रपत्रों को जबरन थर्ड ऑप्शन में सबमिट कराया जा रहा है, जो निर्वाचन आयोग के नियमों का उल्लंघन है। सपा ने इस संबंध में कार्रवाई करने और एसआईआर के लिए समय सीमा बढ़ाने की मांग की है।

सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल द्वारा मंगलवार को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि कई जिलों में जिलाधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (इलेक्शन), एसडीएम (ईआरओ) और सुपरवाइजर स्तर के अधिकारी बीएलओ पर दबाव बनाकर प्रतिदिन 100 गणना प्रपत्र हर हाल में थर्ड ऑप्शन में अपलोड कराने के निर्देश दे रहे हैं। बीएलओ को इस संबंध में लगातार संबन्धित अन्य आदेश भी भेजे जा रहे हैं। शिकायतों में औरैया की घटना का जिक्र किया गया है, जिसमें बीएलओ को थर्ड ऑप्शन चुनने के लिए बाध्य करने और शिकायत करने पर जनप्रतिनिधियों से अभद्रता करने के आरोप लगाए गए हैं।

बड़ी संख्या में मतदाताओं की ओर से गणना प्रपत्र में अपना विवरण 2003 की मतदाता सूची में दर्ज जानकारी के मुताबिक भरकर बीएलओ को जमा किए जा रहे हैं। नियमानुसार, ऐसे मतदाताओं को फर्स्ट ऑप्शन या सेकेंड ऑप्शन में सबमिट किया जाना चाहिए था, परंतु जानबूझकर उन्हें थर्ड ऑप्शन में डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि सटीक और निष्पक्ष मतदाता सूची लोकतंत्र के लिए अत्यंत आवश्यक है, इसलिए सपा मांग करती है कि एसआईआर प्रक्रिया को जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए। 9 दिसंबर 2025 को प्रस्तावित ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी करने की तारीख को तीन महीने आगे बढ़ाया जाए और पूरी प्रक्रिया को दोबारा नियमों के अनुसार पारदर्शी ढंग से संचालित किया जाए।

संबंधित समाचार