UP Crime Alert: निगोहां पुलिस बांक नाले पर अब 24 घंटे रहेगी मुश्तैद... पिकेट प्वाइंट बनकर तैयार
लगातार बढ़ती वारदातों पर लगेगी लगाम
लखनऊ/निगोहां, अमृत विचार : गौतमखेड़ा बांक नाले पर पिछले तीन माह में बढ़ती आपराधिक वारदातों पर अब अंकुश लगने की उम्मीद है। इसी नाले में तीन शव मिलने और दिनदहाड़े हॉकर से लूट की घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस पिकेट बनाए जाने की मांग की थी। इसके बाद तत्काल प्रभाव से ड्यूटी सारणी में नया पिकेट प्वाइंट सृजित कर दिया गया है। अब यहां निगोहां पुलिस 24 घंटे मुस्तैद रहेगी। सूनसान इलाका और वन विभाग के जंगल होने के कारण यहां अपराधियों का दबदबा बढ़ता जा रहा था।
थाना प्रभारी निगोहां अनुज तिवारी ने बताया कि पिकेट प्वाइंट के पास जंगल होने के चलते सोलर लाइट और टीन शेड लगवाने की तैयारी भी चल रही है। ज्ञात हो कि मदाखेड़ा से सिसेंडी मार्ग पर गौतमखेड़ा गांव के निकट पड़ने वाले बांक नाले में पिछले तीन महीनों से हत्या कर शव फेंकने और लूट की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। रात में पुलिस की आवाजाही न होने से यह इलाका अपराधियों का सेफ जोन बन गया था।
बांक नाले में लगातार तीन शव मिलने और दिनदहाड़े हुई लूट से दहशत
बांक नाले में तीन महीनों में तीन शव मिलने और हॉकर से हुई लूट ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी है। पहला शव जीतू यादव के बहनोई का मिला था, जिसकी हत्या कर शव यहां फेंक दिया गया था। इस मामले में नामजद सभी आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। दूसरा शव एक महिला का बरामद हुआ, जिसकी पहचान पुराना होने के कारण नहीं हो सकी और जांच अभी भी जारी है।
इसी नाले के पास स्थित पेट्रोल पंप के निकट दो नकाबपोश बदमाशों ने एक समाचार पत्र विक्रेता से लूट की थी। दोनों आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। वहीं सोमवार को फिर से इसी नाले में एक और शव मिलने से पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। आखिर अपराधी इसी बांक नाले को ही वारदातों के अंजाम के लिए क्यों चुनते हैं, यह पुलिस के लिए जांच का विषय है। बांक नाले का आपराधिक घटनाओं से पुराना संबंध रहा है और हाल की घटनाओं ने इसे एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
