Gonda News: बीएलओ विपिन के समर्थन में उतरी भाकपा, प्रदर्शन कर मांगा 5 करोड़ का मुआवजा
- प्राथमिक विद्यालय जैतपुर माझा में सहायक अध्यापक थे विपिन यादव
गोंडा, अमृत विचार: बीएलओ की डियूटी पर लगाए गए शिक्षक विपिन यादव की मौत का मामला तूल पकड़ने लगा है। इस घटना को लेकर बुधवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च किया। कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और डीएम को ज्ञापन सौंपकर मृतक बीएलओ विपिन यादव के परिजनों को 5 करोड़ रुपये का मुआवजा देने तथा एसआईआर कार्य के लिए दबाव बनाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
नवाबगंज क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय जैतपुर माझा में तैनात शिक्षक विपिन यादव की विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में बीएलओ के पद पर ड्यूटी लगाई गयी थी। वह अपना 50 प्रतिशत से अधिक का कार्य पूरा भी कर चुके थे। मंगलवार को जब वह स्कूल जा रहे थे तो रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ गयी थी। उन्होंने अपने सहयोगी शिक्षकों को बताया कि उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया है इसके बाद उन्हे एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। जिला अस्पताल में स्थिति नाजुक होने पर डीएम प्रियंका निरंजन ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कराया था लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी। मौत से पहले उनका एक विडियो वायरल हुआ जिसमें वह एसआईआर कार्य के लिए एसडीएम, बीडीओ व लेखपाल पर दबाव बनाने का आरोप लगा रहे हैं।
परिजनों का भी आरोप है कि उनपर कार्य को जल्द पूरा करने का दबाव बनाया जा रहा था। विपिन जौनपुर जिले के मल्हनी सराय खास गांव के रहने वाले थे। इसलिए पोस्टमार्टम के बाद उनके शव को देर रात उनके पैतृक गांव भेज दिया गया। इस घटना की जांच के लिए डीएम प्रियंका निरंजन ने मुख्य राजस्व अधिकारी व अपर पुलिस अधीक्षक की दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया है और पूरे मामले पर रिपोर्ट मांगी है। विपिन यादव की मौत को लेकर भाकपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन कर रहे माकपा के पूर्व जिला मंत्री व अधिवक्ता दीनानाथ त्रिपाठी ने कहा कि विपिन यादव की मौत के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए और मृतक के परिजनों को 5 करोड़ रुपये का मुआवजा मिलना चाहिए। उन्होने चुनाव आयोग की आलोचना करते हुए कहा कि इस बिना किसी तैयारी के इस महत्वपूर्ण कार्य को जल्दबाजी में कराया जा रहा है। जो आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हाईस्कूल व इंटर पास है उन्हे एसआईआर कार्य के लिए लगा दिया गया है। उन्होने एसआईआर की समय सीमा बढाए जाने की मांग की।
धान खरीद में भी मनमानी का आरोप, किसानों के लिए एमएसपी गारंटी की मांग
भाकपा नेता दीनानाथ त्रिपाठी ने धान खरीद में भी मनमानी का आरोप लगाया और कहा कि धान खरीद केंद्रों पर बिचौलिए सक्रिय हैं। किसानों का धान 15 सौ रुपये में खरीदा जा रहा है। उन्होने किसानों के लिए एम एस पी गारंटी की मांग करते हुए कहा कि मांगे न माने जाने पर उनका विरोध प्रदर्शन चलता रहेगा।
