Moradabad: पानी भरे टब में डूबकर बच्चे की मौत...परिवार में मचा कोहराम
भगतपुर, अमृत विचार। भगतपुर थाना क्षेत्र के गांव मल्हुपुरा हरदोडांडी में 14 माह के बच्चे की पानी भरे टब में डूबकर मौत हो गई।
गांव के जैनुल आबेदीन के घर में बुधवार सुबह कपड़े धोने के लिए प्लास्टिक के टब में पानी भरा था। करीब 12 बजे मोहम्मद जैद खेलते समय पानी से भरे टब के करीब पहुंच गया ओर अचानक टब में गिर गया। काफी देर तक टब में ही पड़ा रहा। कुछ समय के बाद परिजनों को मोहम्मद जैद की गैर मौजूदगी का एहसास हुआ तब उसकी तलाश की।
इसी दौरान उन्होंने टब की तरफ देखा तो मोहम्मद जैद पानी मे बेजान पड़ा था। जैनुल आबेदीन की पत्नी मुस्कान की नजर टब में पड़े जैद पर पड़ी तो उसकी चीख निकल गई। परिजन उसे तुरंत मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत के बाद माता-पिता समेत परिजनों को हाल बेहाल हो गया।
