एसआईआर : प्रथम चरण में अब सिर्फ 8 दिन शेष, बड़ी संख्या में मतदाता नहीं तलाश कर पाए 2003 की लिस्ट में नाम

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया जिले में 4 नवंबर से चल रही है। पहले चरण की प्रक्रिया में 4 दिसंबर तक मतदाताओं को बीएलओ द्वारा दिए गणना प्रपत्र पर अपने मतदाता होने का विवरण और 2003 की वोटर लिस्ट में शामिल स्वयं या अपने माता-पिता या अन्य सगे संबंधी का विवरण देना है। लेकिन सबसे अधिक पेंच इसको लेकर बना है। सूची में नाम न होने से बहुत से मतदाता बीएलओ के साथ ही आयोग की वेबसाइट और जिला निर्वाचन आयोग के कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। लेकिन कहीं से संतोषजनक जवाब न मिलने पर निराश हैं।

जिले में हालांकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में गणना प्रपत्र बांटने का कार्य बीएलओ ने तेजी से किया है। 80 प्रतिशत से अधिक प्रपत्र वितरित होने का दावा इससे संबंधित अधिकारी कर रहे हैं। लेकिन अभी भी मोहल्लों में बहुत से मतदाता ऐसे हैं जो चक्कर काट रहे हैं। क्योंकि उनके घर न तो बीएलओ पहुंचे और न आयोग की वेबसाइट पर उनका 2003 की मतदाता सूची सही रुप में मिल रही है। 17 नवंबर को भाजपा नेता निमित जायसवाल ने भी रामगंगा विहार की मतदाता सूची में विसंगति को लेकर उप जिला निर्वाचन अधिकारी और फिर जिला निर्वाचन अधिकारी को विस्तृत पत्र देकर मतदाता सूची की कापी भी सौंपी। लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ। यही स्थिति कई अन्य मोहल्लों की है। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में बीएलओ ने तेजी से काम किया है। कई बीएलओ को जिलाधिकारी अनुज सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने के चलते प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।

वहीं मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में राजनीतिक दलों ने भी आखिरी दिनों में सक्रियता बढ़ा दी है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से वरिष्ठ नेताओं ने भी बैठक और कार्यशाला में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देकर मतदाताओं का सहयोग करने के लिए कहा। जिसके क्रम में वार्ड 47 के भाजपा पार्षद डॉ. गौरव श्रीवास्तव ने अपने वार्ड में 3 बार विशेष शिविर लगवाकर मतदाताओं का फार्म व प्रपत्र भरवाने में बीएलओ के साथ मदद कराई। इसमें पार्टी के मंडल के पदाधिकारी भी लगे रहे। वहीं पार्टी नेतृत्व ने दल के अन्य पार्षदों को अपने वार्ड में सक्रिय होकर मतदाताओं का सहयोग कराने के लिए कहा है।

निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बने राजनीतिक दलों के बीएलए बूथ लेवल एजेंट भी सक्रिय हो गए हैं। लेकिन अभी भी कई मतदाता गणना प्रपत्र में 2003 की सूची को लेकर परेशान हो रहे हैं। हालांकि दूसरे चरण में नोटिस भेजकर प्रशासन ऐसे मतदाताओं से आयोग के द्वारा निर्धारित विकल्प के दस्तावेज मांगकर प्रक्रिया में सहयोग करेगा।

 

संबंधित समाचार