बाराबंकी : संविधान दिवस पर हुये कार्यक्रम, शपथ और संगोष्ठियों के साथ बाबा साहब को नमन
कार्यालय संवाददाता, बाराबंकी, अमृत विचार : जिलेभर में बुधवार को संविधान दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। विभिन्न सरकारी एवं निजी संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पठन, विचार गोष्ठियां तथा बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी अर्पित विजयवर्गीय की मौजूदगी में अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठावान रहने का संकल्प दिलाया। सांसद तनुज पुनिया के ओबरी स्थित आवास पर आयोजित गोष्ठी में संविधान द्वारा दिए गए सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय पर चर्चा हुई। जनेस्मा में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ प्राचार्य डॉ. सीताराम सिंह ने किया। जनपद न्यायालय के सभागार में जिला जज प्रतिमा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संविधान दिवस पर विचार संगोष्टी आयोजित हुई। जिसमें अधिवक्ताओं ने संविधान की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। फतेहपुर तहसील में आयोजिय कार्यक्रम में पूर्व बार अध्यक्ष प्रदीप कुमार निगम ने कहा कि संविधान न केवल अधिकारों की जानकारी देता है बल्कि कानूनों के व्यवस्थित पालन की दिशा भी तय करता है। गोष्ठी को महामंत्री रामलाल वर्मा और राजीव नयन तिवारी व अन्य अधिवक्ताओं ने भी संबोधित किया। फतेहपुर तहसील क्षेत्र में विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा ने पांच प्रमुख स्थानों पर 100 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया और उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज देश की आन-बान-शान और अस्मिता का प्रतीक है। हैदरगढ़ तहसील में अधिवक्ताओं द्वारा बार भवन में हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम मनाया गया, वहीं ग्राम्यांचल सेवा समिति द्वारा संचालित ग्राम्यॉवल विधि महाविद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक प्रतियोगिताएं कराई गईं। सिरौलीगौसपुर तहसील सभागार में एसडीएम प्रीति सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। राजकीय संप्रेक्षण गृह किशोरी एवं राजकीय पुस्तकालय में भी जागरूकता कार्यक्रम और शपथ दिलाई गई। उधर, भाजपा जिला कार्यालय पर जिला अध्यक्ष अरविंद मौर्य के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डॉ. आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर संविधान दिवस मनाया।
संविधान दिवस पर डिबेट प्रतियोगिता, छात्रों ने रखा पक्ष-विपक्ष
टीआरसी कॉलेज परिसर के मूटकोर्ट हॉल में बुधवार को संविधान दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. अश्वनी कुमार गुप्ता, विभागाध्यक्ष डॉ. अविनाश मिश्रा, डॉ. दीपमाला श्रीवास्तव एवं शैक्षणिक समन्वयक नवीन सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। संविधान निर्माण की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए डॉ. अविनाश मिश्रा ने “एकांतता का अधिकार बनाम राष्ट्रीय सुरक्षा” विषयक डिबेट का आरंभ कराया। छात्रों ने अपने स्वतंत्र विचार रखते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोपरि बताया। निर्णायक मंडल में डॉ. मिश्रा और डॉ. श्रीवास्तव शामिल रहे। प्राचार्य डॉ. गुप्ता ने कहा कि संविधान की भावना तभी साकार होगी जब नागरिक पूर्ण निष्ठा से संवैधानिक मूल्यों का पालन करें। कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद अमजद अंसारी ने किया और अंत में डॉ. प्रमोद कुमार पाण्डेय ने आभार व्यक्त किया। साथ ही, 13 दिसंबर 2025 को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर विधि छात्र-छात्राओं ने जागरूकता अभियान भी चलाया।
भाषण प्रतियोगिता में प्रिंस व संस्तुति ने मारी बाजी
संविधान दिवस के अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल सेवा समिति एवं पार्क-स्मारक अनुरक्षण समिति द्वारा आनंद विहार कॉन्वेंट इंटर कॉलेज में संविधान की प्रस्तावना की व्याख्या विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में एक दर्जन से अधिक विद्यालयों के लगभग 75 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और संविधान की प्रस्तावना की सारगर्भित व्याख्या प्रस्तुत की। जूनियर वर्ग में चाइल्ड फ्रेंडली स्कूल के कक्षा 5 के छात्र प्रिंस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आनंद विहार कॉन्वेंट कॉलेज के कक्षा 7 के छात्र पुनीत सिंह व विनोबा आवासीय बालिका विद्यालय की कक्षा 6 की छात्रा अंकिता संयुक्त रूप से द्वितीय तथा जमीलुर्रहमान किदवई गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा शयाना सिद्दीकी तृतीय स्थान पर रहीं। माध्यमिक स्तर की प्रतियोगिता में श्री साई इंटर कॉलेज बड़ेल कैंपस की कक्षा 9 की छात्रा संस्तुति प्रथम, आंचल पटेल द्वितीय और सताक्षी सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को पूर्व सांसद उपेंद्र सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य नेहा सिंह आनंद, इंद्र प्रताप सिंह एवं समिति के अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने सम्मान पत्र व प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
