क्या फिर से शुरू होगा सालों से बंद पड़ी पैसेंजर ट्रेनों का संचालन, रेलमंत्री और DRW लखनऊ को भेजा मांग पत्र
गोसाईगंज, अमृत विचार: वर्षों से बंद पड़ी लखनऊ–वाराणसी व फैजाबाद–मुगलसराय पैसेंजर ट्रेनों के पुनः संचालन की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। समाजसेवी व आरटीआई एक्टिविस्ट जगदीश कुमार जायसवाल ने रेल मंत्री व डीआरडब्ल्लयू लखनऊ को पत्र भेजा है। कहा कि इन ट्रेनों के बंद होने से यात्री परेशानियों का सामना कर रहे हैं। समाजसेवी एसएन विश्वकर्मा व जायसवाल ने भी हित में ट्रेनों को पुनः शुरू करने या विकल्प के रूप में अयोध्या कैंट–मुगलसराय के बीच मेमू ट्रेन चलाने की मांग की।
यात्रियों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता : डीआरएम
अयोध्या धाम स्टेशन पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं सभी यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ, आरामदायक एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। ये बात मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने कही। वह उत्तर रेलवे मुख्यालय से आए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने मुख्य भवन, यात्री सुविधाओं की उपलब्धता व स्वच्छता, स्टेशन परिसर में सौंदर्य-वृद्धि, प्रकाश व्यवस्था, यात्री सूचना पट्ट, संकेतक बोर्डों व दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाओं की समीक्षा की।
वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण
इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर देखा। सीसीटीवी फुटेज, अनाउंसमेंट सिस्टम, भीड़ प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की व आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके बाद वह यात्री होल्डिंग एरिया की संरचना, क्षमता, बैठने की व्यवस्था, शौचालय एवं पेयजल सुविधाओं, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रावधानों तथा साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। यहां निरंतर स्वच्छता व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सर्कुलेटिंग एरिया में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यात्री सूचना बोर्ड तथा मार्ग-निर्देशन के साइन बोर्डों को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ प्रिंसिपल चीफ ऑपरेशंस मैनेजर डॉ. मोनिका अग्रिहोत्री, प्रिंसिपल चीफ सिग्नल एंड टेलीकम्यूनिकेशन इंजीनियर राजीव कुमार, प्रिंसिपल चीफ इलेक्ट्रिकल इंजीनियर अशुतोष पंत, प्रिंसिपल चीफ मैकेनिकल इंजीनियर डिंपी गर्ग आदि मौजूद रहे।
