Moradabad: सफेद अंडे को रंग कर देशी बनाने का भंडाफोड़, गोदाम सील

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव के निर्देशन व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने काशीपुर रोड निकट रामपुर तिराहा बरवाड़ा मजरा स्थित अल्लाह खां के अंडा गोदाम पर छापेमारी की। 

यहां सफेद अंडे को कलर कर उसे देशी अंडा बनाने के कारोबार का भंडाफोड़ हुआ। टीम ने 3,89,772 रुपए मूल्य का अंडा जब्त कर गोदाम को सील कर दिया। पुलिस आगे कारवाई के लिए टीम ने थाने में तहरीर दी।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव की मौजूदगी में विभाग की टीम ने पुलिस बल और खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके यादव और प्रजन सिंह के साथ बुधवार की देर रात में काशीपुर रोड निकट रामपुर तिराहा बरवाड़ा मजरा स्थित अल्लाह खां के अंडा गोदाम पर छापेमारी की। वहां पर सफेद अंडे को आर्टिफिशियल कलर द्वारा रंग कर देशी अंडा के कलर का बनाया जा रहा था। 

पुलिस दल के साथ छापेमारी में कुल अंडा मूल्य लगभग लगभग 3,89,772 रुपए मूल्य का 45,360 रंगीन और 35,640 सफ़ेद अंडा जो रंगने के लिए रखा गया था सीज कर दिया। साथ में एडलट्रेंट को जब्त करते हुए अंडे के गोदाम को सील कर दिया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा ने बताया कि छापेमारी की कारवाई रात तीन बजे तक चली। इसके बाद कटघर थाने में कारोबारी के खिलाफ तहरीर दी गई।

संबंधित समाचार