बाराबंकी में दर्दनाक हादसा : खेलते-खेलते पानी भरे गड्ढे में गिरी मासूम, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम जाफरपुर में गुरुवार की शाम खेलते समय पानी भरे गड्ढे में गिरकर दो वर्षीय मासूम साक्षी की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

श्याम गौतम की दो वर्षीय पुत्री साक्षी शाम करीब चार बजे घर के बाहर खेल रही थी। कुछ देर बाद जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने पड़ोसियों के साथ उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पड़ोसी राजकुमार ने देखा कि उसके घर के पीछे तालाब के किनारे बने गड्ढे में एक बच्चा पानी में डूबा हुआ है।

उसने तुरंत कूदकर बच्चे को बाहर निकाला तो पता चला कि वह साक्षी ही है। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए सीएचसी फतेहपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है।

श्याम गौतम व उनकी पत्नी दोनों दिव्यांग हैं। श्याम मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके एक बेटा सक्षम और छोटी बेटी साक्षी थी। मासूम साक्षी की अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।

संबंधित समाचार