विद्यालयों में अब 10 दिसंबर से होंगी अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं, SIR के दबाव में बेसिक शिक्षा विभाग ने बदली समय सारणी
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के चलते परिषदीय विद्यालयों (कक्षा 1 से 8 तक) की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का कार्यक्रम बदल दिया है। पहले यह परीक्षाएं 28 नवंबर से शुरू होने वाली थीं, लेकिन अब संशोधित तिथि के अनुसार परीक्षाएं 10 दिसंबर से आयोजित की जाएंगी। बेसिक शिक्षा विभाग के निदेशक द्वारा नई परीक्षा तिथि का आदेश बुधवार को सभी जिलों में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को जारी कर दिया गया है।
बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार, एसआईआर कार्य में बड़ी संख्या में शिक्षक, बीएलओ और अन्य विद्यालय स्तर के कर्मचारी लगे हुए हैं। ऐसे में शिक्षकों की उपलब्धता कम होने और विद्यालयों में परीक्षा संचालन पर संभावित प्रभाव को देखते हुए तिथि में परिवर्तन किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि संशोधित समय-सारिणी से विद्यालयों को तैयारी का पर्याप्त अवसर मिलेगा और परीक्षाओं का संचालन भी सुचारू तरीके से हो सकेगा।
