Bareilly : 30 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मिला नाले में गिरे युवक का शव

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। सेटेलाइट बस अड्डे पर करीब 12 फीट गहरे नाले में गिरे व्यक्ति की खोजबीन के लिए 30 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार टीमों को कामयाबी हाथ लगी। गुरुवार तड़के नाले में गिरे युवक का शव बरामद कर लिया गया।

नाले से युवक का शव बरामद होने के बाद उसकी शिनाख्त भी कर ली गई। हरदोई के मोहल्ला शाहबाद निवासी 30 वर्षीय तौहीद के रूप में उसकी शिनाख्त हुई। बताया जा रहा है कि तौहीद ड्राइवर का काम करता था। युवक के परिजनों को भी सूचना दी गई है। फिलहाल शव बरामद होने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था।

इससे पहले मंगलवार की देर रात से शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन बुधवार को दिन भर चला। एसडीआरएफ की टीम के साथ नगर निगम के कर्मचारी खोजबीन में जुटे रहे। मामला मुख्यमंत्री कार्यालय और नगर विकास मंत्री तक पहुंच गया। इसके बाद नगर आयुक्त से लेकर अतिक्रमण प्रभारी और पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी खुद जुट गए। गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे नाले से शव बरामद कर लिया गया।

बता दें कि मंगलवार की रात करीब 9:30 बजे सेटेलाइट बस अड्डे पर खुले हुए नाले के पास बैठा एक व्यक्ति अचानक नाले में जा गिरा। आसपास मौजूद यात्रियों और दुकानदारों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें युवक नाले में गिरता दिखाई दिया। इसके बाद थाना बारादरी पुलिस और रेस्क्यू टीमें सक्रिय हो गईं और रात से सुबह तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। निगम और एसडीआरएफ की टीम ने नाले की सफाई मशीनों से कराई। नाले का पानी निकालने का काम रात तक चलता रहा।

संबंधित समाचार