SIR का दुरुपयोग कर पिछड़ों का वोट काटने की साजिश... बोले तेज नारायण- 90 फीसदी बीएलओ प्रशिक्षित नहीं
अयोध्या, अमृत विचार : भाजपा सरकार व केद्रीय चुनाव आयोग एसआईआर का दुरुपयोग करके पिछड़ों का वोट कटवाने की साजिश रच रहे हैं। इसके लिए वर्ष 2003 की पुरानी और त्रुटिपूर्ण मतदाता सूची के आधार पर फॉर्म भरवाया जा रहा है।
यह आरोप गुरुवार को सपा नेता व पूर्व राज्यमंत्री तेज नारायण पांडेय पवन ने लगाए। वह गुरुवार को सिविल लाइंस स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत कार्य कर रहे 90 फीसदी बीएलओ अप्रशिक्षित हैं। उन्हें यह भी जानकारी नहीं है कि यह फॉर्म किस तरह भरा जाएगा।
कहा कि उन्होंने भी अपना और परिजनों की जानकारी दर्ज करने के लिए फार्म भरा लेकिन वह पोर्टल पर नॉट फाउंड बता रहा है। आरोप लगाया कि कई बीएलओ अपना कार्य भाजपा कार्यकर्ताओं को सौंप रहे, जिससे मनमाने तरीके से वोट कटने की आशंका है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से अपील की कि वह बीएलओ को पहले प्रशिक्षित करें, इसके बाद उन्हें घर-घर जाकर लोगों को फॉर्म भरवाकर कर उन्हें रिसिविंग दें। इनकी संख्या भी बढ़ाई जाए व इसकी अंतिम तिथि को तीन-चार माह और बढ़ाया जाए।
