Ayodhya News: एसपी देहात को थमाई गलत रिपोर्ट, लाल पैथ लैब हुआ सील... जांच में अवैध मिले टेक्निशियन
नहीं दिखा पाए इलेक्ट्रिकल सेफ्टी सर्टिफिकेट, मानकों के विपरीत मिला बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट
अयोध्या, अमृत विचार : जिले की प्रतिष्ठित पैथोलॉजी में बड़ा गड़बड़झाला सामने आया है। रिकाबगंज स्थित लाल पैथ लैब की मुख्य शाखा ने एसपी देहात बलवंत चौधरी को ही एचबीएवनसी (शुगर हिस्ट्री) की गलत रिपोर्ट थमा दी। उन्होंने जब अपने चिकित्सक को यह रिपोर्ट दिखाई तो वह भी चकित रह गए। इसके बाद एसपी देहात का पारा हाई हो गया। उन्होंने तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संबंधित लैब के खिलाफ शिकायत दे डाली। सीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने तत्काल टीम गठित कर अधिकारियों को लैब पर भेजा। जांच में गड़बड़ियां मिलने के बाद लैब को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।
रिकाबगंज स्थित मुकुट कॉम्प्लेक्स में चल रही लाल पैथ लैब की मुख्य शाखा पर गुरुवार दोपहर करीब 2:40 बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंच गई। झोलाछाप के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश चौधरी की अगुवाई में पहुंची टीम ने लैब का निरीक्षण किया। इसमें चौंकाने वाली खामियां सामने आईं। लैब में पांच कर्मचारी (लैब टेक्नीशियन) कार्यरत मिले, जिनमें सिर्फ शशांक त्रिपाठी ही इम्पैनल्ड थे। एक अन्य इम्पैनल्ड टेक्नीशियन कुलदीप शुक्ला पहले ही नौकरी छोड़ चुके हैं, लेकिन इसकी सूचना सीएमओ कार्यालय को नहीं दी गई थी। बाकी तीन टेक्नीशियन पूरी तरह अवैध रूप से काम कर रहे थे। डॉ. निकिता शर्मा बिना नवीनीकरण प्रमाण-पत्र और इम्पैनलमेंट के लैब में काम कर रही थीं। लाल पैथ लैब और रॉयल पॉल्यूशन कंट्रोल सर्विस के बीच हुआ अनुबंध पत्र संदिग्ध पाया गया। इलेक्ट्रिकल सेफ्टी सर्टिफिकेट नहीं दिखाया गया।बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट पूरी तरह मानकों के विपरीत था। न तो कोई रिकॉर्ड था और न ही कोई पेमेंट रसीद उपलब्ध कराई गई। इन गंभीर अनियमितताओं के चलते लैब को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
सीएमओ डॉ.सुशील कुमार बानियान ने बताया कि लैब संचालक डॉ. हरिओम गुप्ता को सख्त हिदायत दी गई है कि जांच पूरी होने तक सील के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ न की जाए।स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मरीजों से अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत और पंजीकृत पैथोलॉजी लैब से ही जांच करवाएं। इसी मामले में एक कलेक्शन सेंटर सील कराए जाने की भी सूचना आ रही है।
एसपी देहात ने तीसरी बार जांच करा दी शिकायत
एसपी देहात बलवंत चौधरी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दी शिकायत में बताया है कि उन्होंने 22 नवंबर को अपना सैम्पल एचबीएवनसी टेस्ट कराने के लिए लाल पैथोलॉजी रिकाबगंज के कलेक्शन ब्याव अमित पाठक को दिया था। अमित पाठक द्वारा टेस्ट के बाद जो रिपोर्ट भेजी गयी उसमें लैब नं 499853202 व प्रोसेस्ड एट अयोध्या लैब रिकाबगंज फैजाबाद यूपी 224001 अंकित है, जिसमें मेरा एचबीएवनसी (10.2) दिखाया गया है। बलवंत चौधरी ने अपने चिकित्सक से सम्पर्क करने पर उनके द्वारा बताया गया कि यह रिपोर्ट गलत हो सकती है, क्योंकि इस प्रकार का कोई लक्षण नहीं है। दोबारा टेस्ट कराइये। उन्होंने अमित से दोबारा टेस्ट कराने के लिए कहा तो उसके द्वारा बताया गया कि यह गलत टेस्ट हुआ है। दोबारा टेस्ट कराते हुए एक दूसरी रिपोर्ट भेजी, जिसमें एचबीएवनसी (6.5) दिखाया गया। इसके बाद एसपी देहात ने अगले ही दिन अयोध्या के ही अन्य प्रतिष्ठित लैब में फिर से जांच कराई तो पाया गया कि उनका एचबीएवनसी (6.2) है। उन्होंने (10.2) वाली रिपाेर्ट को लेकर कार्रवाई के लिए सीएमओ को शिकायती पत्र दे दिया।
