बरेली : जज की अधिवक्ता भतीजी की दहेज की खातिर हत्या
मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत सात ससुरालियों पर रिपोर्ट दर्ज
बरेली, अमृत विचार। थाना प्रेमनगर क्षेत्र में सिविल जज की अधिवक्ता भतीजी की दहेज के लिए हत्या कर दी गई। मायके वालों ने ससुरालियों पर ऑटोमेटिक कार की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। महिला अधिवक्ता के पिता की तहरीर पर गुरुवार की देर शाम पति समेत 7 अन्य ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना के बाद आरोपी फरार हैं, पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
बारादरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला सहसवानी टोला निवासी मो. हाशिम अंसारी ने प्रेमनगर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी महजबीन अंसारी की शादी 27 फरवरी 2025 को डॉ. तलहा पुत्र डाॅ. मेहंदी हसन निवासी मोहल्ला शाहबाद थाना प्रेमनगर के साथ की थी। उन्होंने बताया कि सोने-चांदी के जेवरात समेत दहेज में घरेलू सामान और कार दी थी। आरोप है कि शादी में दिए दहेज से ससुराल के लोग खुश नहीं थे। इसके बाद वह दहेज में बिना गियर वाली ऑटोमेटिक कार की मांग करने लगे। आरोप है कि ससुराली कुछ दिन बाद दहेज में दी गई कार और बेटी को छोड़ गए। बाद में रिश्तेदारों के समझाने पर वह बेटी को साथ ले गए, लेकिन कम दहेज लाने की बात कहकर उसे प्रताड़ित करने लगे। उन्हें गुरुवार को भोर में लगभग 3: 33 बजे सूचना मिली कि ससुराली बेटी को लेकर निजी अस्पताल गए हैं। वह लोग भी अस्पताल पहुंचे तो देखा कि बेटी के गले पर रगड़ के निशान थे और मुंह से झाग निकल रहे हैं।
आरोप है कि कार की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने बेटी की हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने प्रेमनगर पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने दहेज की खातिर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम हाउस पर सीओ पंकज श्रीवास्तव ने अधिवक्ता के परिजनों से घटना की जानकारी ली। शाम को पिता मो. हाशिम अंसारी की तहरीर पर प्रेमनगर पुलिस ने मृतका के पति डॉ. मो. तलहा, देवर डॉ. मो. हमजा, मो. जैद, ससुर डॉ. मेहंदी हसन, ननद उजमा, सास आसमा और ननदोई फैजान के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम और दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग आई है।
हापुड़ में सिविल जज सीनियर डिवीजन हैं अधिवक्ता के चाचा
मृतका महजबीन के चाचा अच्छन अंसारी ने बताया कि वह तीन भाई हैं। अधिवक्ता महजबीन के पिता हमारे बड़े भाई हैं। दूसरे नंबर के वह हैं और सबसे छोटे भाई असगर अली हैं। असगर अली हापुड़ में सिविल जज सीनियर डिवीजन के पद पर तैनात हैं। अच्छन अंसारी ने बताया कि वह भी अधिवक्ता हैं। भतीजी महजबीन कचहरी पर ही प्रैक्टिस कर रही थी। बहुत होनहार थी।
