लखीमपुर खीरी : हत्यारोपी की जेल में संदिग्ध मौत, शौचालय में गमछे से लटका मिला शव

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

परिजनों ने कोतवाली धौरहरा का घेराव कर किया हंगामा

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। धौरहरा क्षेत्र में प्रेमिका की हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी सुरेश कुमार वर्मा (55) ने जिला कारागार में संदिग्ध परिस्थितियों में जान दे दी। शुक्रवार तड़के करीब सवा चार बजे जेल परिसर के शौचालय में वह गमछे के सहारे फंदे से लटकता मिला। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया।

कोतवाली धौरहरा क्षेत्र के माधौपुरवा गांव निवासी सुरेश वर्मा पर 15 अक्तूबर को सीमा (40) की हत्या का आरोप था। पुलिस ने सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बुधवार शाम उसे गिरफ्तार किया था। मेडिकल परीक्षण के बाद गुरुवार को कोर्ट में पेश किया था, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था। जेल प्रशासन के मुताबिक आरोपी ने शुक्रवार तड़के गमछे का फंदा गले में कसकर शौचालय में आत्महत्या की है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर जेल कर्मियों सहित पुलिस टीम पहुंची और शव को नीचे उतारा गया।  इधर घटना की जानकारी मिलते ही आरोपी के भाई रमेश वर्मा, पत्नी सुनीता, बेटी पल्लवी सहित परिजन ट्रैक्टर-ट्रॉली से धौरहरा कोतवाली पहुंचे और हंगामा करते हुए तमाम लोगों के साथ कोतवाली का घेराव किया।

उन्होंने कोतवाली प्रभारी शिवाजी दुबे और जेल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए तथा मौत की निष्पक्ष जांच की मांग की। जेल अधीक्षक पीडी सलोनिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। वहीं, कोतवाली प्रभारी शिवाजी दुबे ने कहा कि आरोपी को साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद की जाएगी। घटना से जेल सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पोस्टमार्टम और मजिस्ट्रेटीय जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।

संबंधित समाचार