बरेली में ठंड बढ़ी, न्यूनतम तापमान 8 डिग्री पर पहुंचा
बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह
बरेली, अमृत विचार। सर्द हवाओं ने गुरुवार को बरेली में ठंड का प्रकोप और बढ़ा दिया। पिछले 24 घंटों में यहां अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम रहा।
न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सीजन के औसत से 3.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। तापमान में यह गिरावट शीतलहर की संभावित शुरुआत का संकेत मानी जा रही है। सुबह के समय वातावरण में नमी का स्तर बेहद उच्च रहा। आर्द्रता 97 प्रतिशत रही, जिससे ठंड की तीव्रता और बढ़ गई। शाम को आर्द्रता 72 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। आंचलिक मौसम विभाग के अतुल कुमार ने बताया कि आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट की संभावना जताई जा रही है। सुबह और शाम घर से बाहर निकलने वाले लोगों को गर्म कपड़ों के उपयोग और बुजुर्गों व बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
यदि मौसम में इसी तरह गिरावट जारी रही तो दिसंबर के पहले सप्ताह में ठंड का स्तर और बढ़ सकता है। फिलहाल, धीरे-धीरे ठंड के तेवर तल्ख होते जा रहे हैं। आगामी दिनों मौसम और सर्द होगा। हालांकि पिछले कुछ दिनाें से दिन में धूप बनी रहती थी, मगर अब धूप का असर कम पड़ता जा रहा है।
