बरेली : सर्वेश जैसे ईमानदार कर्मचारी को खोना भारी क्षति : डीएम

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों का एक दिन का वेतन जमा कर बीएलओ स्व. सर्वेश कुमार गंगवार के बच्चों के नाम किया जाएगा फिक्स डिपॉजिट

बरेली, अमृत विचार। जिलाधिकारी अविनाश सिंह गुरुवार को भोजीपुरा के परधौली प्राथमिक विद्यालय में बीएलओ ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हुए सहायक अध्यापक सर्वेश कुमार गंगवार के कृष्णा होम कालोनी स्थित आवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। डीएम ने कहा कि यह दुख हम सबका है, सर्वेश जैसे ईमानदार कर्मचारी को खोना पूरे जिले के लिए भारी क्षति है। परिवार चिंता न करे, प्रशासन आपके साथ खड़ा है। 

परिवार ने जब सर्वेश के मासूम जुड़वां बच्चों अहाना और अयांश को देखकर अपना दर्द बांटा तो डीएम भी क्षणभर को भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि सर्वेश गंगवार न केवल एक जिम्मेदार शिक्षक थे, बल्कि बीएलओ के रूप में 46 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा कर चुके थे, इसलिए अधिकारियों द्वारा किसी प्रकार का दबाव होने का प्रश्न नहीं उठता है। उनका निधन एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और इस क्षति की भरपाई कोई नहीं कर सकता, लेकिन परिवार स्वयं को अकेला न समझे। जिलाधिकारी ने परिवार को भरोसा दिलाते हुए कहा कि जिला प्रशासन के सभी अधिकारी एक दिन का वेतन जमा करेंगे, जो बच्चों के नाम पर फिक्स डिपॉजिट किया जाएगा। स्व. सर्वेश के छोटे भाई को संविदा पर नौकरी देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, ताकि परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके। प्रशासन हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगा। डीएम ने कहा कि स्व. सर्वेश गंगवार का कार्य साफ और उत्कृष्ट था। हम उन्हें एक जिम्मेदार शिक्षक और कर्तव्यनिष्ठ बीएलओ के रूप में हमेशा याद रखेंगे। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विनीता और एसडीएम सदर प्रमोद कुमार भी साथ रहे। अधिकारियों ने भी परिवार को सांत्वना दी।

इम्युरेशन फार्म जमा कराने में दलों से मांगा सहयोग
विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों को दुरुस्त कराने के लिए कराए जा रहे  विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। पार्षदों और कोटेदारों के साथ ही राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से बीएलओ से समन्वय रखते हुए इम्युरेशन फार्म जमा कराने में सहयोग मांगा गया है। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार की दोपहर हुई बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने राजनैतिक दलों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के बीएलए को सक्रिय करें, जिससे वे घर-घर संपर्क कर इम्युरेशन फार्म जमा कराने में सहयोग प्रदान करें। डीएम ने कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित चुनाव की दिशा में मतदाता सूची का दुरुस्त होना अत्यंत आवश्यक है।

भाजपा, सपा, कांग्रेस व बसपा के प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि सभी बीएलए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत भरे हुए फार्मों को उपलब्ध कराने में सहयोग करेंगे।  डीएम ने प्रतिनिधियों से उनके क्षेत्र में एसआईआर को लेकर आ रही दिक्कतों के बारे में जानकारी ली और उनकी शंकाओं का भी निराकरण किया। डीएम ने दलों से सुझाव भी लिए। एडीएम एफआर संतोष बहादुर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, एडीएम न्यायिक देश दीपक, एसडीएम सदर प्रमोद कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष आंवला आदेश प्रताप सिंह, निर्भय गुर्जर, सपा जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप, सपा महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी, महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा आदि राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर समस्त कोटेदारों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र के बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाताओं के निवास स्थान को बताने व गणना प्रपत्र प्राप्त करने में सहयोग करें।

28

सर्वेश के परिजनों को एक करोड़ दिलाने की मांग
बीएलओ के रूप में एसआईआर कार्य करने के दौरान सहायक अध्यापक सर्वेश गंगवार की हार्ट अटैक से मौत होने के मामले में गुरुवार को कांग्रेसियों ने काम के दबाव में मौत होने का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने शिक्षक के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने और एसआईआर कार्य की अंतिम तारीख को आगे बढ़ाने की जोरदार मांग की है। जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से पदाधिकारियों ने एसआईआर की अंतिम तिथि 4 दिसंबर से बढ़ाने की मांग की। साथ ही बुधवार को भोजीपुरा के परधौली गांव में बीएलओ ड्यूटी में शिक्षक की हार्ट अटैक के कारण मृत्यु होने पर परिवार को एक करोड़ की आर्थिक सहायता और परिवार के किसी व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने की मांग की। ज्ञापन से पूर्व रामपुर गार्डन स्थित कांग्रेस कार्यालय पर बैठक हुई। प्रदेश प्रवक्ता डॉ. केबी त्रिपाठी व महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने विचार रखे। जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश अग्रवाल, कृष्णकांत शर्मा, जिया उर रहमान, डॉ. हरीश गंगवार, इकबाल रजा, रमेश चंद श्रीवास्तव, तबरेज खान, जोया खान आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार