बदायूं: मुठभेड़ के बाद गोकशी के 50-50 हजार के दो इनामिया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बदायूं, अमृत विचार। सहसवान पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गोकशी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के रुकने को कहने पर उन्होंने फायरिंग कर दी थी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। गोकश पैर में गोली लगने पर जमीन पर गिर गए। वह दोनों सिविल लाइन क्षेत्र में हुई गोकशी के मामले में वांछित चल रहे थे। उन दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिविल लाइन कोतवाली में गोकशी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। थाना कुंवरगांव क्षेत्र के गांव दुगरईया निवासी खुर्शीद उर्फ कय्यूम पुत्र अय्यूब अली और साजिद उर्फ बोना वांछित चल रहे थे। दोनों पर इनाम घोषित किया गया था। रविवार रात सहसवान पुलिस को सूचना मिली कि गोकशी के दोनों वांछित गोकशी की योजना बना रहे हैं। दोनों पहले भी गोवंशीय का वध कर चुके हैं। अपना क्षेत्र छोड़कर सहसवान में डीपी कॉलेज के आगे जाने वाले मार्ग पर गांव खंदक के जंगल में कच्चे रास्ते पर हैं। प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपियों को रुकने को कहा। उन्होंने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी। 

सिपाही विजय कुंडू के बाएं हाथ में गोली लगी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। खुर्शीद के दाहिने और साजिद के दोनों पैर में गोली लगी। पुलिस ने उनके पास से दो तमंचे, पांच जिंदा व दो खोखा कारतूस और गोकशी में प्रयोग करने वाले उपकरण बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने बताय कि वह दोनों छुट्टा गोवंश का वध करके मांस बेचते हैं। रात में वह फिर से वध करने की तैयारी में थे कि पुलिस ने पकड़ लिया। बचकर भागने के लिए उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की थी। दोनों के खिलाफ सहसवान पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। खुर्शीद पर थाना कुंवरगांव और सिविल लाइन में पहले से गैंगस्टर एक्ट के अलावा गोकशी और साजिद पर भी गैंगस्टर एक्ट के अलावा कई मामले दर्ज हैं। एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि गोकशी करने के दो लोगों को पकड़ा गया है। अभियान जारी रहेगा।

संबंधित समाचार